चक्रवात अकवान ने तटीय इलाकों में मचाई हलचल, 90 किमी की रफ्तार से चली हवाएं
आंध्र प्रदेश-ओडिशा के गोपालपुर तट पर तूफान का असर, 4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया; कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
भुवनेश्वर/विशाखापट्टनम। चक्रवात अकवान ने शुक्रवार सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में दस्तक दी। मौसम संबंधी जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच तूफान का प्रभाव गोपालपुर तट पर दिखाई देने लगा। इस दौरान 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तटवर्ती क्षेत्रों में तूफान का प्रभाव जारी रहने के कारण प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
चक्रवात के चलते ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश हो रही है। ओडिशा सरकार ने संभावित खतरे को देखते हुए करीब 4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रभावित लोगों के लिए 9,341 राहत शिविर तैयार किए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने के लिए 423 टीमें तैनात की गई हैं।
69 ट्रेनें रद्द, 29 के समय में बदलाव
तूफान के असर से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा 29 ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव किया गया है। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
कई राज्यों में मौसम बदलने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का प्रभाव करीब 10 राज्यों तक पहुंच सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, मध्य प्रदेश और झारखंड सहित कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। झारखंड के पांच जिलों धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़ और जामताड़ा में यलो अलर्ट घोषित किया गया है।
ओडिशा सरकार ने बड़े नुकसान से किया इनकार
ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि राज्य में अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है। मुख्य सचिव अनु गर्ग के मुताबिक, प्रशासन ने करीब 4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राहत शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और बचाव दल लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
suntimes 