छोटे कारोबारियों को संबल देने में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल

पीएम स्वनिधि योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर पांच राष्ट्रीय सम्मान, बड़े बचेली डिजिटल लेनदेन में पहले और दंतेवाड़ा दूसरे स्थान पर

छोटे कारोबारियों को संबल देने में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल

रायपुर। फुटपाथों और सड़कों के किनारे कारोबार करने वाले छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय काम किया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के जरिए पथ विक्रेताओं को ऋण सुविधा और डिजिटल लेनदेन से जोड़ने के प्रयासों को केंद्र सरकार ने सराहा है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश को एक साथ पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।

नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में शुक्रवार को आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में छत्तीसगढ़ को दो राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए। फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में प्रदेश ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने ये दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।

तीन नगरीय निकायों ने भी बढ़ाया मान

राज्य की उपलब्धि में बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों का भी विशेष योगदान रहा। डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका ने एक लाख से कम आबादी वाले निकायों के बीच देश में पहला स्थान प्राप्त किया। इसी श्रेणी में दंतेवाड़ा नगर पालिका दूसरे स्थान पर रही। एक लाख से 10 लाख आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।

इन पुरस्कारों के माध्यम से नगरीय क्षेत्रों में डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और छोटे व्यापारियों को मुख्यधारा की वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने के प्रयासों को मान्यता मिली है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आसान ऋण उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इससे उन्हें अपने कारोबार को आगे बढ़ाने और नियमित आय के अवसर विकसित करने में मदद मिल रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू की गई यह योजना छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पथ विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती देकर सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना राज्य और नगरीय निकायों की बेहतर कार्यप्रणाली का प्रमाण है। पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इस सम्मान से निकायों को आगे भी जनहित में बेहतर परिणाम देने का प्रोत्साहन मिलेगा।

समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहे। पुरस्कार वितरण के दौरान नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे। बिलासपुर, दंतेवाड़ा और बड़े बचेली के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

छत्तीसगढ़ को मिले ये सम्मान शहरी आजीविका को मजबूत बनाने, छोटे कारोबारियों को वित्तीय सुविधाओं से जोड़ने और डिजिटल भुगतान व्यवस्था को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं।