झाड़-फूंक के बहाने महिला से गैंगरेप, आरोपी बैगा और साथी गिरफ्तार
पेट दर्द का इलाज कराने पहुंची महिला के साथ पण्डा धाम में दरिंदगी, बच्चे के जन्म के बाद सामने आई सच्चाई

जशपुर। झाड़-फूंक और जड़ी-बूटी के नाम पर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस गंभीर अपराध में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला को पेट दर्द से राहत दिलाने के बहाने पण्डा के झोपड़ीनुमा धाम ले जाकर हैवानियत की गई।
पीड़िता ने 17 मार्च को थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि जुलाई 2024 में वह पेट दर्द की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसके परिचित दिलेश्वर यादव ने झाड़-फूंक से इलाज कराने का झांसा दिया। 25 जुलाई को वह उसे एक बैगा (पण्डा) के पास ले गया, जहां महिला को एक पेय पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई।
बेहोशी की हालत में पण्डा और दिलेश्वर यादव ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। होश आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया और पुलिस में शिकायत की बात कही, तो दोनों आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण पीड़िता ने काफी समय तक घटना को छिपाए रखा।
हालांकि, जब 28 फरवरी 2025 को अंबिकापुर में महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया, तब पूरी घटना सामने आई। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी: किशोर पण्डा (35 वर्ष), दिलेश्वर यादव उर्फ दिले (34 वर्ष)