धमधा में मिट्टी की दीवार ढही, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत
नींव खुदाई के दौरान कच्चा मकान ढहने से हुआ हादसा; एक की मौके पर ही मौत, दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा
धमधा के ग्राम हीरेतरा में गुरुवार को नींव खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कच्चे मकान की दीवार अचानक ढहने से दो मजदूर मलबे में दब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धमधा। ग्राम हीरेतरा में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर की नींव खुदवाने के दौरान कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभरा कर गिर पड़ी। गुरुदेव चंदेल नामक ग्रामीण ने अपने घर की नई नींव खुदवाने के लिए मजदूरों को बुलाया था। इसी काम में ईश्वरी गायकवाड़ और कमल नारायण ठाकुर भी जुटे हुए थे।
काम चल ही रहा था कि नींव की खुदाई वाली जगह के ठीक बगल में खड़े पुराने कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। दीवार गिरते ही कमल और ईश्वरी दोनों उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि कमल नारायण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ईश्वरी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामला दर्ज किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गांव में दो मजदूरों की एक साथ मौत से शोक का माहौल है।
suntimes 