फल खरीदने रुके युवक को बदमाशों ने बनाया निशाना, मारपीट कर 10 हजार लूटे

बाइक नंबर के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे में पकड़े दोनों आरोपी, लूट की रकम में से 3700 रुपए और वारदात में इस्तेमाल पल्सर जब्त

फल खरीदने रुके युवक को बदमाशों ने बनाया निशाना, मारपीट कर 10 हजार लूटे

 धमतरी जिले में राह चलते युवक से लूटपाट का मामला सामने आया है। सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके युवक को दो बाइक सवार बदमाशों ने पहले डराया-धमकाया और फिर मारपीट कर 10 हजार रुपए से भरा पर्स लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूट की रकम का कुछ हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।

धमतरी। ग्राम गातापार निवासी शीतल कुमार साहू (28) 13 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके पास 10 हजार रुपए नकद रखे थे। दोपहर करीब 1:20 बजे सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास वे फल खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके साथ विवाद करने लगे।

आरोपियों ने शीतल से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उनकी जेब में रखा पर्स छीन लिया। पर्स में 10 हजार रुपए नकद के अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड भी थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।

घटना की रिपोर्ट मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 187/26 के तहत धारा 309(6) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़ित ने आरोपियों की पल्सर बाइक का नंबर CG 05 AU 8630 नोट कर लिया था। पुलिस ने इसी अहम सुराग के आधार पर स्थानीय स्तर पर पतासाजी की और ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू तथा संदीप सोरी उर्फ विनय को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात करना स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि लूटे गए 10 हजार रुपए आपस में बराबर बांट लिए थे। बाद में कुछ रकम खाने-पीने में खर्च कर दी, जबकि पर्स और उसमें रखे दस्तावेज फेंक दिए। पुलिस ने नितिन से 2450 रुपए और संदीप से 1250 रुपए बरामद किए। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल पल्सर बाइक भी जब्त की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों नितिन साहू (25) और संदीप सोरी उर्फ विनय (18), निवासी ग्राम सांकरा को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।