भारत की रफ्तार देख ट्रम्प ने फेड को घेरा, ब्याज दरें घटाने की वकालत
बोले- भारत 7% की दर से बढ़ रहा आगे, अमेरिका में दरें कम हों तो 15 से 20% तक जा सकती है आर्थिक वृद्धि; मौद्रिक नीति को लेकर केंद्रीय बैंक पर साधा निशाना
वॉशिंगटन (ए)। भारत की आर्थिक विकास दर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारत की करीब 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ का उदाहरण देते हुए कहा कि कम ब्याज दरें किसी देश की आर्थिक तरक्की में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। ट्रम्प के मुताबिक, अमेरिका में भी ब्याज दरें कम रखी जाएं तो वहां की अर्थव्यवस्था 15 से 20 प्रतिशत तक की विकास दर हासिल कर सकती है।
व्हाइट हाउस में मीडिया से चर्चा के दौरान ट्रम्प ने फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अमेरिका में जब आर्थिक गतिविधियां बेहतर होती हैं और आंकड़े सकारात्मक संकेत देते हैं, तब केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाने लगता है। यह नीति अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने के लिहाज से सही नहीं है। उनका मानना है कि तेजी के दौर में ब्याज दरें कम करके बाजार में पूंजी का प्रवाह बढ़ाना चाहिए।
सस्ता कर्ज बढ़ाएगा निवेश
ट्रम्प ने कहा कि ब्याज दरों में कमी से कंपनियों को कम लागत पर ऋण मिलेगा। इससे उद्योगों के विस्तार, नए कारोबार की शुरुआत और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। आम उपभोक्ताओं के लिए भी कर्ज की लागत घट सकती है, जिससे बाजार में मांग बढ़ने की संभावना रहेगी। उन्होंने फेडरल रिजर्व की नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए और उसके फैसलों को राजनीतिक दृष्टिकोण से प्रभावित बताया।
दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में भारत की तेज रफ्तार
भारत बीते कुछ वर्षों से वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से उभर रहा है। वित्त वर्ष 2021-22 में देश की आर्थिक वृद्धि दर करीब 9 प्रतिशत रही थी। इसके बाद भी कई वर्षों तक विकास दर 7 प्रतिशत से अधिक बनी रही। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी वृद्धि 7.6 प्रतिशत रहने का आंकड़ा दिया गया है।
दूसरी ओर चीन की विकास दर करीब 4.5 से 4.8 प्रतिशत, अमेरिका की 2.1 से 2.3 प्रतिशत और यूरोप की लगभग 1 प्रतिशत बताई जा रही है। इस तुलना में भारत की आर्थिक गति काफी मजबूत दिखाई देती है।
इन क्षेत्रों से मिल रही अर्थव्यवस्था को मजबूती
भारत की तेज आर्थिक वृद्धि के पीछे घरेलू बाजार में बढ़ती खपत, सरकारी पूंजीगत व्यय और सेवा क्षेत्र का विस्तार प्रमुख कारक हैं। सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगातार निवेश से आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। इसके अलावा डिजिटल सेवाओं, बैंकिंग, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य सेवा आधारित क्षेत्रों का भी अर्थव्यवस्था में योगदान बढ़ा है।
ट्रम्प का यह बयान अमेरिकी अर्थव्यवस्था में ब्याज दरों को लेकर उनकी प्राथमिकता को दर्शाता है। हालांकि, ब्याज दरों में कटौती का फैसला महंगाई, रोजगार और आर्थिक स्थिरता जैसे कारकों को ध्यान में रखकर केंद्रीय बैंक करता है।
suntimes 