देश में भीषण गर्मी का कहर: अमरावती-वर्धा में पारा 46°C पार, जानवरों को बचाने जू में AC और बर्फ का सहारा

राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी समेत कई राज्य लू की चपेट में

देश में भीषण गर्मी का कहर: अमरावती-वर्धा में पारा 46°C पार, जानवरों को बचाने जू में AC और बर्फ का सहारा

गुजरात के जूलॉजिकल पार्कों में जानवरों के लिए कूलिंग सिस्टम शुरू
अगले दो दिनों तक कई राज्यों में हीटवेव और कहीं भारी बारिश का अलर्ट


 देश के कई हिस्सों में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा शनिवार को देश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी का असर इंसानों के साथ जानवरों पर भी दिखने लगा है, जिसके चलते गुजरात के जूलॉजिकल पार्कों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।

नई दिल्ली/भोपाल (ए)।  देशभर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पश्चिम भारत से लेकर मध्य और उत्तर भारत तक कई राज्य भीषण लू की चपेट में हैं। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र-विदर्भ, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में दिन के साथ रात का तापमान भी लोगों को परेशान कर रहा है। शनिवार को महाराष्ट्र के अमरावती और वर्धा देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बांदा और मध्य प्रदेश के नौगांव व खंडवा में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।

जानवरों के लिए विशेष इंतजाम

भीषण गर्मी का असर वन्यजीवों पर भी पड़ रहा है। गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास बने सरदार पटेल जूलॉजिकल पार्क में जानवरों और पक्षियों को राहत देने के लिए एसी, कूलर और स्प्रिंकलर लगाए गए हैं।

वहीं वडोदरा के सायाजीबाग जूलॉजिकल पार्क में जानवरों को गर्मी से बचाने के लिए बर्फ के टुकड़े, फॉगर और नियमित पानी के छिड़काव की व्यवस्था की गई है।

राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने राजस्थान में गंभीर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। यहां दिन के साथ रातें भी बेहद गर्म रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लू चलने की आशंका जताई गई है।

कई राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

तेज हवाओं और आंधी का भी असर

19 मई को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में तेज लू चल सकती है। वहीं झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना है। पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है।