भारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई देने की तैयारी, मोदी-बालेन की अहम मुलाकात

100 मिनट की वार्ता में आर्थिक पैकेज, दो बंदरगाहों के इस्तेमाल और अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा पर हुई चर्चा

भारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई देने की तैयारी, मोदी-बालेन की अहम मुलाकात

नई दिल्ली (ए)। भारत और नेपाल के पारंपरिक रिश्तों को नई दिशा देने के लिए दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच महत्वपूर्ण बातचीत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की बैठक में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के साथ विकास और व्यापार से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स में तीन अहम पहल का उल्लेख किया गया है। इनमें नेपाल के लिए विशेष आर्थिक पैकेज, कांडला और पारादीप बंदरगाहों के माध्यम से समुद्री व्यापार की सुविधा तथा अयोध्या-जनकपुरधाम के बीच नई रेल सेवा शामिल है।

आर्थिक साझेदारी पर जोर

भारत की ओर से नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे नेपाल की विकास संबंधी जरूरतों को सहयोग मिलने की उम्मीद है। हालांकि, आर्थिक पैकेज की राशि का खुलासा नहीं किया गया है।

समुद्री व्यापार के लिए बढ़ेंगे विकल्प

नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देने की योजना से उसके अंतरराष्ट्रीय व्यापार को सुविधा मिल सकती है। इससे सामान के आयात और निर्यात के लिए नए विकल्प उपलब्ध होंगे। नेपाल की ओर से मुंद्रा बंदरगाह के उपयोग का प्रस्ताव भी रखा गया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं मिलने की जानकारी सामने आई है।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन

भारत और नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' चलाने की योजना प्रस्तावित है। यह रेल सेवा दोनों धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क को आसान बनाएगी। इससे रामायण परंपरा से जुड़े तीर्थस्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को लाभ मिलने की संभावना है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में दोनों देशों के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों ने भी भाग लिया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल शामिल रहे। नेपाली प्रतिनिधिमंडल में वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

दोनों देशों के बीच हुई यह बातचीत आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।