मोदी के 25 साल के सेवाकाल पर छत्तीसगढ़ में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’
रायपुर में मुख्यमंत्री साय समेत वरिष्ठ नेता हुए शामिल, प्रदेश के सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ हुए कार्यक्रम
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा ने छत्तीसगढ़ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के जरिए अभियान को व्यापक रूप दिया। बुधवार को प्रदेश के सभी सांगठनिक जिलों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। रायपुर के कृषि मंडपम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। यह आयोजन पार्टी के 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है।
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और सुशासन के 25 वर्षों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया। पार्टी संगठन ने अलग-अलग जिलों में यात्रा और कार्यक्रमों की जिम्मेदारी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी थी।
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और सांसद बृजमोहन अग्रवाल मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन के कई पदाधिकारी भी शामिल हुए।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने मोर्चा संभाला। बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कवर्धा में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कार्यक्रम में शामिल हुए। दुर्ग-भिलाई में मंत्री गजेंद्र यादव, बेमेतरा में मंत्री दयालदास बघेल, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में टंकराम वर्मा और बस्तर में मंत्री केदार कश्यप ने यात्रा में हिस्सा लिया।
जांजगीर-चांपा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और सांसद कमलेश जांगड़े, कोरबा में मंत्री लखनलाल देवांगन तथा रायगढ़ में मंत्री ओपी चौधरी और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह कार्यक्रम में शामिल हुए। बलरामपुर में मंत्री रामविचार नेताम और एमसीबी में मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने जिम्मेदारी संभाली।
जशपुर, सरगुजा और सूरजपुर में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सहित अन्य वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल हुए। गरियाबंद में सांसद रूपकुमारी चौधरी, महासमुंद में सांसद विजय बघेल, बालोद में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजनांदगांव में सांसद संतोष पांडेय, नारायणपुर में सांसद भोजराज नाग और दंतेवाड़ा में सांसद महेश कश्यप को कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई।
पार्टी ने बताया कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्थानीय सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता और संगठन पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न आयोगों और निगम-मंडलों के अध्यक्षों ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया।
भाजपा का यह अभियान 17 सितंबर से शुरू हुआ है और 18 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी का कहना है कि अभियान के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और सुशासन के 25 वर्षों की उपलब्धियों को लोगों के बीच पहुंचाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ इसी अभियान के तहत प्रदेश के सभी सांगठनिक जिलों में आयोजित की गई।
suntimes 