मौत बनकर दौड़ी रफ्तार, गुजरात में 10 लोगों की गई जान
कच्छ में ट्रक-कार की टक्कर में 7 की मौत, मृतकों में 3 बच्चे; जूनागढ़ में पलटी स्विफ्ट आग में घिरी, इन्फ्लुएंसर खेत में गिरकर बचीं
गुजरात (ए)। तेज रफ्तार और सड़क हादसों ने गुजरात में एक बार फिर कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। शनिवार रात कच्छ में ट्रक और कार की भीषण टक्कर में एक ही परिवार से जुड़े लोगों सहित सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी थे। सभी मृतक भुज में तैनात सेना के जवानों के परिवारों से संबंधित बताए गए हैं। इसके कुछ घंटे बाद रविवार सुबह जूनागढ़ जिले में एक स्विफ्ट कार पलटकर आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में तीन युवाओं की मौत हुई, जबकि कार में सवार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा की जान बच गई।
रण ऑफ कच्छ से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
कच्छ जिले में शनिवार रात करीब 10 बजे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। रण ऑफ कच्छ की सैर कर भुज लौट रहे लोगों की कार नेशनल हाईवे पर ट्रक से टकरा गई। आमने-सामने की भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में कार सवार सातों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। सबसे छोटी बच्ची की उम्र महज तीन महीने थी। सभी मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के निवासी थे और भुज में पदस्थ सेना के जवानों के परिवारों से जुड़े थे।
मृतकों की पहचान सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30), बेटी शिविका, राजेश सिंह रावत (35), उनकी बेटी रक्षित (7), रिंकी गोसाईं (30) और उनकी बेटी वामिका (4) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।
सुबह होते ही दूसरा हादसा, कार बनी आग का गोला
कच्छ हादसे के कुछ घंटे बाद रविवार सुबह करीब 5 बजे जूनागढ़ जिले में दूसरा बड़ा हादसा हो गया। केशोद-बालागाम मार्ग पर घामिडाना गांव के पास जूनागढ़ से माधवपुर जा रही लाल रंग की स्विफ्ट कार एक मोड़ पर चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पत्थर से टकराकर पलट गई। इसके बाद उसमें आग भड़क उठी और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया।
कार में चार लोग सवार थे। इनमें से तीन की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू शामिल हैं। तीनों की उम्र 25 से 27 साल के बीच बताई गई है।
खेत में गिरीं कृष्णा, अस्पताल में कराया भर्ती
कार में सवार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कृष्णा चूड़ासमा हादसे में बाल-बाल बच गईं। दुर्घटना के समय वह आगे की सीट पर बैठी थीं। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूट गया और वह वाहन से बाहर उछलकर पास के खेत में जा गिरीं। इस वजह से उनकी जान बच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल और आपातकालीन सेवा 112 की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। कृष्णा को एंबुलेंस की मदद से केशोद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिवारों को मिलेगी मदद
कच्छ में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, दुर्घटना में घायल लोगों को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
suntimes 