BSP में हाईवा की टक्कर से ठेका मजदूर की मौत: मुआवजा-नौकरी की मांग पर गेट-1 जाम
हाईवा की चपेट में आकर ठेका श्रमिक हर्षवर्धन निषाद की मौत; परिजनों ने सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए
भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय ठेका मजदूर की हाईवा की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने गेट-1 के बाहर चक्काजाम कर मुआवजा और अनुकंपा नौकरी की मांग उठाई। बातचीत के बाद प्रबंधन ने आश्वासन दिया, तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।
भिलाई | भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के अंदर मंगलवार को हुए हादसे में एक ठेका श्रमिक की जान चली गई। प्लांट परिसर में काम के दौरान एक हाईवा वाहन ने 23 वर्षीय मजदूर हर्षवर्धन निषाद को कुचल दिया। गंभीर हालत में उसे मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने लगाया सुरक्षा में लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद मृतक का परिवार गेट-1 के बाहर एकत्र हुआ और करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया। परिजनों का कहना था कि प्लांट के अंदर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि हादसे के समय आसपास मौजूद कर्मचारियों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग नहीं किया। एम्बुलेंस आने में भी 15 मिनट से अधिक की देरी हुई, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।
परिजन इस बात से भी नाराज थे कि श्रमिकों को जो सुरक्षा किट दिए गए हैं, वे भी पूरी तरह खराब अवस्था में हैं।
“कोई मदद नहीं कर रहा था” – बड़ी बहन का आरोप
मृतक की बड़ी बहन ने बताया कि भाई सड़क पर तड़प रहा था, लेकिन ठेका कंपनी के कर्मचारी हाथ लगाने से डर रहे थे। उन्होंने कहा, “किसी ने मदद नहीं की। एम्बुलेंस आती रही, तब तक भाई तड़पता रहा।” इसके बाद उसे मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई। शव को सेक्टर-9 हॉस्पिटल की मरच्यूरी में रखा गया है।
प्रबंधन ने दी अनुकंपा नौकरी और बीमा राशि की जानकारी
धरना-प्रदर्शन के बीच बीएसपी प्रबंधन मौके पर पहुंचा और परिजनों से बातचीत की। चर्चा के बाद मैनेजमेंट ने मृतक के छोटे भाई को अनुकंपा नौकरी देने और 10 लाख रुपए की बीमा राशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
आश्वासन के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम किया
भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारण और वाहन चालक की जिम्मेदारी को लेकर जांच जारी है।
suntimes 