भारी बारिश में जामुल नगर पालिका अध्यक्ष का वार्ड निरीक्षण: समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
ईश्वर सिंह ठाकुर ने जलभराव, निकासी और स्वच्छता पर दिए सख्त निर्देश; नागरिकों से सतर्कता और सहयोग की अपील
जामुल में हो रही लगातार बारिश के बीच नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने नगर के सभी वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को कोई असुविधा न हो।
जामुल | नगर पालिका क्षेत्र में भारी बारिश के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं को देखते हुए जामुल नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को नगर के सभी वार्डों का दौरा किया। उन्होंने जलभराव, जलनिकासी और स्वच्छता से संबंधित समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अध्यक्ष ठाकुर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वार्डवार निरीक्षण करते हुए जलभराव वाले स्थानों की तुरंत पहचान की जाए और नालियों की सफाई व पानी की निकासी की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाए। साथ ही उन्होंने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा के मद्देनज़र सभी विभाग मिलकर समन्वय के साथ काम करें। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना भी एक अहम जिम्मेदारी है, जिस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अध्यक्ष ईश्वर सिंह ठाकुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे भारी वर्षा के दौरान सावधानी बरतें, बेवजह जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं, और नगर की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।