पंजाब से चिट्टा तस्करी का नेटवर्क उजागर, दुर्ग पुलिस ने महिला सहित 9 आरोपियों को दबोचा

ऑपरेशन विश्वास के तहत जामुल और खुर्सीपार में बड़ी कार्रवाई, 52 ग्राम चिट्टा, कार, मोबाइल और करीब 9 लाख नकद जब्त

 नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पंजाब से सिंथेटिक हिरोइन (चिट्टा) लाकर भिलाई क्षेत्र में बेचने वाले दो अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के अंतर्गत जामुल और खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए चिट्टा तस्करी के संगठित नेटवर्क को तोड़ा गया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 51.73 ग्राम सिंथेटिक हिरोइन (चिट्टा), 281.85 ग्राम डोडा चूरा, एक स्वीफ्ट कार, 9 मोबाइल फोन और 8 लाख 91 हजार 700 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना जामुल क्षेत्र के ढांचा भवन कुरूद निवासी एक महिला अपने पुत्र किशन सिंह के साथ पंजाब से चिट्टा मंगवाकर इलाके में बेच रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने महिला के निवास पर दबिश दी, जहां से 33.360 ग्राम चिट्टा और डोडा चूरा बरामद किया गया। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह पंजाब से चिट्टा मंगवाकर 20 हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से बिक्री करती थी, जबकि चिट्टा ग्राहकों तक पहुंचाने का कार्य उसका पुत्र किशन सिंह करता था। चिट्टा बिक्री से अर्जित 8 लाख 90 हजार 400 रुपये भी आरोपी महिला की निशानदेही पर जब्त किए गए।

इसी क्रम में खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत मिनी स्टेडियम सुलभ परिसर के पास पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में मिथिलेश पाठक और परमेश्वर ठाकुर उर्फ पिंटू डेफिनेट को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास क्रमशः करीब 8 ग्राम और 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हाल ही में पंजाब से चिट्टा लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री कर रहे थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दीपक गुप्ता, निहाल राय, लोकेश अवस्थी, रणदीप सिंह और अल्ताफ कुरैशी से भी चिट्टा बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह भिलाई के विभिन्न इलाकों में चिट्टा सप्लाई कर रहा था। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

अब तक थाना जामुल के अपराध क्रमांक 03/2026 एवं थाना खुर्सीपार के अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 8, 21(ख) एवं 27 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने नशे के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए विशेष टीम गठित की है।

गिरफ्तार आरोपी:

किशन सिंह (25 वर्ष) – जोन-3 खुर्सीपार

मिथिलेश पाठक (43 वर्ष) – जोन-3 खुर्सीपार

परमेश्वर ठाकुर उर्फ पिंटू डेफिनेट (25 वर्ष) – जोन-3 खुर्सीपार

दीपक कुमार (36 वर्ष) – इंदिरा चौक खुर्सीपार

निहाल राय (19 वर्ष) – सेक्टर-1 भिलाई भट्ठी

लोकेश अवस्थी (21 वर्ष) – देवार मोहल्ला खुर्सीपार

मोह. अल्ताफ (24 वर्ष) – कनाल रोड खुर्सीपार

रणदीप सिंह (23 वर्ष) – मशाल चौक न्यू खुर्सीपार

एक महिला आरोपी