आंधी-तूफान के चलते नाव पलटी, डैम में डूबा युवक:45 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं चला, दूसरे ने तैरकर बचाई जान

आंधी-तूफान के चलते नाव पलटी, डैम में डूबा युवक:45 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं चला, दूसरे ने तैरकर बचाई जान

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज आंधी तूफान के चलते एक नाव पलट गई, जिससे 2 युवक नदी में डूब गए। इनमें से एक ने तैरकर जान बचा ली । वहीं दूसरे का घटना के 45 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश जारी है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। उधर, जांजगीर-चांपा जिले में कुछ लोग महानदी में फंस गए थे। राहत की बात ये रही कि गोताखोरों ने उनका रेस्क्यू कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम जमाबहार निवासी दो दोस्त संदीप लकड़ा और रोशन मिंज शनिवार की दोपहर मछली मारने खम्हार पाकुट डैम गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया। जिसके चलते उनकी नाव पलट गई।

बताया जा रहा है कि आंधी-तूफान काफी तेज था। इस वजह से संदीप लकड़ा डैम में ही डूब गया। वहीं रोशन मिंज किसी तरह से बांध को पार करके बाहर चला गया। उसने गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। मगर तब तक देर हो गई थी। संदीप पानी में डूब चुका था। लोगों ने अपने स्तर पर उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।

रविवार को भी कुछ पता नहीं चला

जानकारी के बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों को भी बुलाया गया था। उन्होंने शनिवार शाम से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चला। फिर रविवार को भी रेस्क्यू शुरू किया गया। इसके बावजूद उसका कुछ पता नहीं चला। अब सोमवार को फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया है।