गंडई से चाकू सप्लाई करने वाला गिरफ्तार, उतई पुलिस की बड़ी कार्रवाई
राजस्थान से हथियार लाकर बेचता था आरोपी, कई मामलों में बदमाशों तक पहुँचे चाकू और गुप्ती
उतई थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले युवक को गंडई से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी अजमेर और पुष्कर से चाकू, गुप्ती व स्टीक खरीदकर लाता और बदमाशों को बेचता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दुर्ग। थाना उतई पुलिस की सक्रियता से अवैध हथियारों की सप्लाई का पर्दाफाश हुआ है। बीते दिनों उमरपोटी क्षेत्र में बदमाश राजा उर्फ राहुल पवार से तीन चाकू, एक गुप्ती और एक स्टीक बरामद किए गए थे। पूछताछ में सामने आया कि हथियार गंडई निवासी मोहम्मद सरफराज से खरीदे गए थे।
पुलिस ने जानकारी जुटाकर आरोपी मोहम्मद सरफराज पिता मोहम्मद हुसैन (25 वर्ष), निवासी ग्राम नमर्दा, थाना गंडई को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वर्ष 2024 में अजमेर शरीफ दरगाह और पुष्कर यात्रा के दौरान उसने हथियार खरीदे थे। इनमें से कुछ गुप्ती और चाकू उसने नागपुर निवासी मित्र समीर और गांव के प्रमोद पटेल को दिए थे। प्रमोद पटेल पर मार्च माह में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है।
इसके बाद वर्ष 2025 में सरफराज दोबारा अजमेर-पुष्कर जाकर हथियार लाया और राजा उर्फ राहुल पवार को एक गुप्ती, एक स्टीक, एक बटन चाकू और दो सामान्य चाकू कुल 3000 रुपए में बेच दिए। अगस्त में वह दुर्ग आया और सावन सोमवार की पालकी में डीजे बजाने के दौरान एक अन्य युवक को बटन चाकू बेचा। पुलिस ने आरोपी सरफराज को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
suntimes 