चलती बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना
बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग पर बस जलकर खाक, तेलीबांधा में भी चलती कार में भड़की आग
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर चलती गाड़ियों में आग लगने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। बलौदाबाजार से रायपुर आ रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई, वहीं रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में चलती कार में भी आग भड़क उठी। दोनों ही मामलों में समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बलौदाबाजार। सोमवार सुबह बलौदाबाजार जिले में रायपुर की ओर जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। खरोरा थाना क्षेत्र के भैंसा गांव के पास हुई इस घटना में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि ड्राइवर की तत्परता से बस में सवार करीब 50 यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार राजधानी ट्रेवल्स की यह बस सुबह करीब 8 बजे बलौदाबाजार से रवाना हुई थी। करीब 9 बजे के आसपास बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा, जो कुछ ही पलों में आग की लपटों में बदल गया। इंजन से भड़की आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सभी दरवाजे खोलकर यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा। यात्रियों के उतरते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में बस जलकर राख हो गई। यात्रियों ने ड्राइवर की सूझबूझ की सराहना करते हुए बताया कि समय पर निर्णय नहीं लिया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद आसमान में काले धुएं के गुब्बार छा गए। स्थानीय लोगों ने यात्रियों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। आग लगने के कारणों की जांच जारी है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर इंजन में तकनीकी खराबी को वजह माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
इधर, रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रसेन चौक के पास शनिवार रात करीब 10:30 बजे एक झारखंड पासिंग सूमो ग्रैंड वाहन में चलते समय अचानक आग लग गई। वाहन में सवार छह लोग आग लगते ही बाहर निकल आए, जिससे सभी सुरक्षित रहे। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया और एहतियातन सड़क को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
suntimes 