छत्तीसगढ़ में फिर से बरसेंगे मेघराज, अगले 24 घंटो में होगी भारी बारिश संभावना
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
लगातार 3 दिन तक जमकर बारिश
पूरे छत्तीसगढ़ में लगातार 3 दिन तक जमकर बारिश हुई है, जिसके चलते कई शहरों के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य की प्रमुख नदियां शिवनाथ और खारून लगातार बारिश के कारण उफान पर हैं। नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
अगले 24 घंटे में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के पास बने कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
8 जुलाई तक भारी बारिश होगी कम
मौसम विभाग ने बताया है कि भारी बारिश का यह दौर 8 जुलाई यानि कल से धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। हालांकि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
लगातार बारिश से नदी नाले उफान पर
रायपुर सहित दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार, गरियाबंद, कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, नारायणपुर और कोंडागांव सहित कई जिलों में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
suntimes 