त्योहारों से पहले चमकेंगी भिलाई की सड़कें और तालाब आयुक्त ने सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई शहर को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम तेज कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कई स्थानों पर चल रहे सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे हों ताकि आगामी त्योहारों से पहले शहर की सूरत निखर सके।

आयुक्त ने सबसे पहले नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब का निरीक्षण किया। यहां सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। विधायक निधि से स्वीकृत संधारण कार्य की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब तालाब में लाइटिंग, पेंटिंग और अन्य मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।

इसके बाद आयुक्त जुनवानी के आनंद नगर पहुंचे, जहां स्वीकृत रोड निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने एजेंसी से चर्चा कर तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं मॉडल टाउन से सूर्या मॉल मार्ग तक लग रहे डिजाइनर पोल का भी निरीक्षण किया और कहा कि सौंदर्यीकरण का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि त्योहारी मौसम में बेहतर रोशनी की व्यवस्था मिल सके।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कोहका आमा तालाब का भी दौरा किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की रूपरेखा देखी। तालाब में फाउंटेन, बोटिंग और आसपास फूड जोन विकसित करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा भेलवा तालाब, आमा तालाब और संजय नगर तालाब में सुधार और आकर्षक सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के समय अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, बसंत साहू, चंदन निर्मल और सहायक राजस्व अधिकारी अजय शुक्ला मौजूद रहे।