नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक के पिता से 7.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

6 महीने में जॉब लगाने का दिया था भरोसा, दो साल तक टालता रहा; पुलिस ने लेनदेन से जुड़े दस्तावेज किए जब्त

नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक के पिता से 7.50 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवक को अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसके पिता से किस्तों में 7 लाख 50 हजार रुपए ऐंठ लिए। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने और रकम वापस नहीं करने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

दुर्ग-भिलाई। जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए हड़पने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तालपुरी निवासी राजेंद्र कुमार बंछोर ने 21 मई को भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके परिचित अमनदीप सोढ़ी (36) ने उनके बेटे को अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने दावा किया था कि छह महीने के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर जॉब लगवा दी जाएगी।

पीड़ित परिवार आरोपी के झांसे में आ गया और अलग-अलग समय पर उसे रकम देते रहे। बताया गया कि वर्ष 2022 से 2024 के बीच आरोपी ने कई किश्तों में कुल 7 लाख 50 हजार रुपए नकद लिए। शुरुआत में वह लगातार नौकरी प्रक्रिया चलने का हवाला देकर परिवार को भरोसे में रखता रहा।

समय बीतने के बावजूद जब युवक को नौकरी नहीं मिली तो परिवार ने आरोपी से रकम वापस मांगी। इस पर वह लगातार बहानेबाजी और टालमटोल करने लगा। काफी इंतजार के बाद परिवार को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस का सहारा लिया।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिसके बाद अमनदीप सोढ़ी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी दुर्ग जिले के धनोरा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ कॉलेज के पास का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए हैं। मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी तो नहीं की है।