पद्मनाभपुर में दुर्गाउत्सव की धूम, आदिनाथ पंडाल और राम-रावण झांकी बने आकर्षण का केंद्र
31वें वर्ष में पहुँचा जनता मार्केट श्री नव युवक दुर्गाउत्सव समिति का आयोजन, पंचमी पर महाआरती और नवमी को विशाल भंडारा
दुर्ग। पद्मनाभपुर स्थित आदिनाथ पंडाल इस बार दुर्गाउत्सव में श्रद्धालुओं का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। माँ दुर्गा की भव्य प्रतिमा और राम-रावण युद्ध की विशाल चलित झांकी देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुँच रहे हैं।
शहर की सर्वश्रेष्ठ समितियों में शुमार जनता मार्केट पद्मनाभपुर की श्री नव युवक दुर्गाउत्सव समिति इस बार अपने 31वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। आयोजन की शुरुआत से ही यहाँ की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही है। समिति सदस्य राजेश शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी विशेष रोशनी से सजे पंडाल और चलित झांकियों का निशुल्क प्रदर्शन श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध है।
राम, हनुमान, कुम्भकर्ण और रावण की झांकी देखने दूर-दूर से श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। समिति की ओर से पंचमी को महाआरती और नवमी को विशाल भंडारा का आयोजन किया गया है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
suntimes 