भिलाई के अनुपम ने संगीत से जीता दिल, वन्स मोर के नारों से गूंजे CTS और काली बाड़ी के मंच
टी-सीरीज़ कॉन्टेस्ट में तीसरा स्थान पाने वाले अनुपम भट्टाचार्य ने अरिजीत सिंह के गीतों से समां बांधा, अतिथियों और प्रशंसकों ने दी शुभकामनाएं
मुंबई से अपनी संगीत यात्रा जारी रखते हुए भिलाई के युवा गायक अनुपम भट्टाचार्य ने इस बार अपने जन्मस्थली में धमाकेदार प्रस्तुतियों से धूम मचाई। कॉमर्स गुरु डॉ. संतोष राय के इंस्ट्रक्शनल CTS 2025 सम्मान समारोह और काली बाड़ी सेक्टर-6 के नवरात्रि महोत्सव के मंच पर अनुपम ने एक के बाद एक गीतों की बौछार कर श्रोताओं का दिल जीत लिया।
भिलाई। भिलाई स्टील सिटी में पले-बढ़े और खैरागढ़ से संगीत शिक्षा प्राप्त कर मुंबई में करियर तलाश रहे युवा गायक अनुपम भट्टाचार्य ने एक बार फिर अपने सुरों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हाल ही में टी-सीरीज़ द्वारा आयोजित “जमाना लगे कॉन्टेस्ट” में देशभर से तीसरा स्थान हासिल करने वाले अनुपम को भिलाई में दो बड़े मंचों पर प्रस्तुति का अवसर मिला।
विगत रविवार को डॉ. संतोष राय कॉमर्स गुरु इंस्टीट्यूट के CTS 2025 सम्मान समारोह में अनुपम ने "सैयारा", "आजकल नींद कम ख्वाब ज्यादा" और "अच्छा चलता हूँ" जैसे अरिजीत सिंह के लोकप्रिय गीतों को अपनी आवाज़ में गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। बच्चों और युवाओं की भीड़ उनके गीतों के बीच लगातार “वन्स मोर... वन्स मोर” के नारे लगाती रही। इस अवसर पर विधायक श्री रिकेश सेन, दुर्ग सांसद श्री विजय बघेल और समाजसेवी श्री इंदर सिंह (छोटू भैया) ने उनकी गायकी की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद दुर्घोत्सव के अंतर्गत काली बाड़ी सेक्टर-6 के भव्य मंच पर नवमी के दिन अनुपम ने अपनी प्रस्तुति से महोत्सव का आगाज किया। उनके साथ डुएट में सुश्री नंदिनी भट्टाचार्य ने भी सुरों का संगम बखूबी निभाया। अनुपम ने "तू ही मेरी सब है", "जनम जनम" और "कैसे हुआ" जैसे गीत गाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। मौके पर मौजूद युवा नेता श्री मनीष पांडे ने उनकी आवाज़ की जमकर तारीफ की और आशीर्वाद दिया।
अनुपम भट्टाचार्य हर वर्ष की तरह इस बार भी अपने परिवार और चाहने वालों के संग भिलाई में दुर्घोत्सव मनाने पहुंचे थे। शनिवार को वे पुनः मुंबई लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि वे इंडियन आयडल और सा रे गा मा पा जैसे राष्ट्रीय मंचों पर लगातार ऑडिशन दे रहे हैं और आशावादी हैं कि आने वाले समय में अपने हुनर और आशीर्वाद से भिलाई और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
अनुपम ने भिलाई प्रवास के दौरान कहा – “यहाँ मेरे चाहने वालों का प्यार और दुलार मुझे हमेशा नई ऊर्जा देता है।”
suntimes 