गणतंत्र दिवस समारोह परेड में दुर्ग पुलिस अव्वल:निरीक्षक दुर्गेश शर्मा को मिला उत्कृष्ट थाना प्रभारी का अवॉर्ड

दुर्ग जिला मुख्यालय में 26 जनवरी को धूमधाम से गणतंत्र दिवस का समारोह मनाया गया। इस समारोह में डिप्टी सीएम विजय शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए। इस मौके पर उन्होंने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली।
इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया। दुर्ग पुलिस के थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा को उत्कृष्ट थाना प्रभारी का लगातार दूसरी बार अवॉर्ड मिला। दुर्गेश शर्मा को यह अवॉर्ड सबसे अधिक आपराधिक मामलों में कार्रवाई करने के लिए दिया गया। दुर्गेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने गुंडा-बदमाशों पर सबसे अधिक कार्रवाई की है। दुर्ग पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुरुस्त कानून व्यवस्था और ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम बालक-बालिकाओं को खोजकर वापस उनके घर पहुंचाया। इसमें 13 वर्ष बाद गुम बालिका को खोजकर उन्होंने सभी को चौंका दिया।
दुर्गेश शर्मा ने बताया कि कई बार कई केस बहुत चैलेंजिंग आते हैं। कोहका मर्डर केस उनमें से एक था। उन्होंने इस अंधे कत्ल को 36 घंटे के अंदर सुलझाकर आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया। इसी तरह बांग्लादेश के चोर गिरोह को पकड़ने मे सफलता पाई। उन्होंने दुर्दांत अपराधी वीरेंद्र नाई को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही महादेव एप के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई सुपेला पुलिस ने ही की है।
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास, झांकी में केन्द्रीय जेल दुर्ग और परेड में जिला पुलिस बल अव्वल रहा।
इस दौरान समारोह में संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी बीएन मीणा, विधायक गजेन्द्र यादव, ललित चन्द्राकर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जिला एवं पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।