छत्तीसगढ़ BJP में संगठनात्मक बदलाव की तैयारी: मूणत को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, महामंत्री और मीडिया प्रभारी पदों पर नए चेहरे

10 अगस्त को हो सकती हैं नियुक्तियाँ; अभिषेक सिंह, नवीन मार्कंडेय महामंत्री की दौड़ में आगे; हेमंत या अनुराग को मिल सकता है मीडिया का दायित्व

छत्तीसगढ़ BJP में संगठनात्मक बदलाव की तैयारी: मूणत को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, महामंत्री और मीडिया प्रभारी पदों पर नए चेहरे

छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी में जल्द ही संगठन विस्तार की घोषणा होने जा रही है। लंबे समय से लंबित नियुक्तियों पर अब मुहर लगने की संभावना है। नए चेहरे महामंत्री, महिला मोर्चा, भाजयुमो और प्रकोष्ठों के पदों पर नियुक्त किए जाएंगे। वहीं कुछ प्रमुख पदों पर फेरबदल की तैयारी भी चल रही है।

रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। 10 अगस्त को प्रदेश संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है। इस बार पार्टी कुछ पदों में कटौती करने के साथ ही कई नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है। फिलहाल प्रदेश महामंत्री के चार पदों में से एक को समाप्त करने की योजना है, जिससे अब केवल तीन महामंत्री रहेंगे। मौजूदा महामंत्री संजय श्रीवास्तव को नान अध्यक्ष और जगदीश रामू रोहरा को धमतरी नगर निगम महापौर बनाए जाने के बाद ये पद खाली हो गए हैं।

  महामंत्री पद की रेस में ये नाम सबसे आगे
इन रिक्त पदों पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक नवीन मार्कंडेय, रजनीश सिंह और अखिलेश सोनी का नाम सामने आ रहा है। इन नेताओं में से दो को प्रदेश महामंत्री बनाए जाने की संभावना है। वहीं गुलशन ऋषि और अमरजीत दुआ को प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया जा सकता है।

 मूणत को मिल सकती है नई भूमिका
सूत्रों के मुताबिक राजेश मूणत को संगठन में एक नई और अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। यह जिम्मेदारी संगठनात्मक समन्वय या रणनीतिक भूमिका से जुड़ी हो सकती है।

 प्रदेश मीडिया प्रभारी का चेहरा भी बदले जाने की तैयारी है। इस पद के लिए हेमंत पाणिग्रही और अनुराग अग्रवाल के नाम पर मंथन चल रहा है। इनमें से किसी एक को प्रदेश मीडिया की कमान सौंपी जा सकती है। BJP अब मीडिया में अपनी बात प्रभावशाली तरीके से रखने के लिए प्रवक्ताओं की टीम में भी बदलाव करने जा रही है। वर्तमान में 10 प्रवक्ता हैं, लेकिन आने वाले समय में इस संख्या को घटाया जाएगा। चयन उन्हीं चेहरों का होगा जो पार्टी की बात साफ और तार्किक ढंग से रख सकें।

प्रदेश महिला मोर्चा, भाजयुमो, अन्य मोर्चों और प्रकोष्ठों में भी नई नियुक्तियां की जाएंगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार 7 मोर्चों और 30 से अधिक प्रकोष्ठों में मंडल व जिला स्तर पर भी नए अध्यक्ष बनाए जाएंगे, क्योंकि अधिकांश पदाधिकारियों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।

हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव दिल्ली प्रवास पर थीं, जहां उन्होंने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष से मुलाकात कर आगामी नियुक्तियों पर चर्चा की। वहीं कुछ दिन पहले राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान भी इस पर विचार किया गया था।