सरगुजा के मैनपाट में कड़ाके की सर्दी, जम गई ओस:छत्तीसगढ़ में 19 दिसंबर के बाद और बढ़ेगी ठंड; आज साफ रहेगा मौसम

सरगुजा के मैनपाट में कड़ाके की सर्दी, जम गई ओस:छत्तीसगढ़ में 19 दिसंबर के बाद और बढ़ेगी ठंड; आज साफ रहेगा मौसम

छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहेगा। आज ठंडी और शुष्क हवाओं से रात के तापमान में गिरावट के आसार हैं। गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.7 अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री रायपुर में रिकॉर्ड किया है। मैनपाट में तो ओस की बूंदें तक जमने लगी हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम साफ रहने की संभावना है। अगले पांच दिन में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा का कहना है कि 19 दिसंबर के बाद ठंड और बढ़ेगी। 21 दिसंबर तक प्रदेश में जबरदस्त ठंड होगी। आने वाले दिनों में सुबह घना कोहरा भी छा सकता है । प्रदेश के कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन जिलों में 7.7 डिग्री से लेकर 14 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ में सबसे कम रात का तापमान अंबिकापुर में 7.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कोरिया में रात का तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। नारायणपुर में रात का तापमान 10.7 डिग्री, लखनपुर में 12.1 डिग्री, रायपुर लाभांडी में 13 डिग्री, वहीं बीजापुर में 13.6 डिग्री रात का तापमान रिकार्ड किया गया।