पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला: सुपेला पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार मुख्य आरोपी

चापड़ से हमला कर युवक को किया था गंभीर रूप से घायल, पहले तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार, अब मुख्य आरोपी दिनेश सिंह भी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला: सुपेला पुलिस के हत्थे चढ़ा फरार मुख्य आरोपी

भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में एक पुरानी वाद-विवाद की रंजिश के चलते हुई हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। करीब तीन महीने से फरार चल रहा मुख्य आरोपी दिनेश सिंह को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इससे पहले इस मामले में तीन अन्य आरोपी पहले ही सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं।

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुरानी दुश्मनी के चलते प्रार्थी बजरंगी लाल सिंह की शिकायत पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 495/2025, धारा 109(1), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

आरोप था कि आरोपीगण ने गुस्से में आकर बकरा काटने वाले चापड़ से राहुल उर्फ रहुलिया पर गर्दन और सिर में जानलेवा हमला किया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित तिवारी, सुरत उर्फ बिल्ली साहनी और सूरज गुप्ता को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी दिनेश सिंह फरार चल रहा था।

लगातार पतासाजी और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने दिनेश सिंह (38 वर्ष), निवासी संजय नगर, सुपेला को 21 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय कुमार यादव, उप निरीक्षक दीपक चौहान, आरक्षक रविन्द्र बांधव और कमलनारायण साहू की प्रमुख भूमिका रही, जिनके संयोजन से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।