कोलकाता में पांच मंजिला इमारत धधकी, 9 की मौत; 80 लोगों का रेस्क्यू

कोलकाता में पांच मंजिला इमारत धधकी, 9 की मौत; 80 लोगों का रेस्क्यू

मिर्जा गालिब स्ट्रीट की बिल्डिंग में आधी रात लगी आग; मृतकों में 2 महिलाएं और 4 साल का बच्चा, 6 घायल

कोलकाता (ए)। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात लगी भीषण आग ने 9 लोगों की जान ले ली। हादसे के समय बिल्डिंग में संचालित कई होटलों में लोग सो रहे थे। धुएं से दम घुटने के कारण कई लोग बेहोश हो गए। राहत और बचाव दल ने अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जबकि 6 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।

कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट इलाके में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे पांच मंजिला इमारत में अचानक आग भड़क उठी। इमारत में कई होटल संचालित होने के कारण हादसे के वक्त बड़ी संख्या में लोग अंदर मौजूद थे। आग तेजी से फैलने के साथ पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

दमकल और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में दो महिलाएं और चार साल का एक बच्चा भी शामिल है। सभी मृतक बेहोशी की हालत में मिले थे। वहीं, छह लोग घायल हुए हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में भारतीयों के साथ कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस बल और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। घना धुआं होने के कारण ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में बचाव दल को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत में अब भी गर्मी बनी हुई है। फिलहाल दमकलकर्मी कूलिंग ऑपरेशन में जुटे हैं।

हादसे के बाद बिल्डिंग का मालिक फरार बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।