छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 20 मवेशियों की मौत, रायपुर में ओलावृष्टि

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज: आंधी-बारिश और बिजली गिरने से 20 मवेशियों की मौत, रायपुर में ओलावृष्टि

राजधानी में तेज आंधी से पेड़ उखड़े, कई इलाकों में होर्डिंग्स गिरे
बीजापुर और GPM जिले में आकाशीय बिजली का कहर
मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया

छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिला। रायपुर में शनिवार रात ओलावृष्टि हुई, जबकि बीजापुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बिजली गिरने से 20 मवेशियों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

रायपुर। प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में शनिवार रात ओले गिरने से मौसम अचानक ठंडा हो गया, लेकिन तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

रायपुर में पेड़ गिरे, सड़कें बाधित

तेज आंधी के चलते रायपुर के केनाल रोड पर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। देर रात तक नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्ग को वन-वे कर दिया।

शहर के कई हिस्सों में तेज हवाओं के कारण होर्डिंग्स और विज्ञापन बोर्ड भी क्षतिग्रस्त हो गए।

कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं

कोरबा, धमतरी और कोंडागांव समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। अचानक बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है।

बिजली गिरने से 20 मवेशियों की मौत

बीजापुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 10 मवेशियों की मौत हो गई। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पर्यटन स्थल राजमेरगढ़ क्षेत्र में भी बिजली गिरने की घटना में 10 मवेशियों ने दम तोड़ दिया।

तीन दिन तक मौसम खराब रहने के आसार

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है।

तापमान में फिर बढ़ोतरी के संकेत

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस और बढ़ने की संभावना है।