दुर्ग से महिलाओं को 632 करोड़ की सौगात, सीएम साय आज जारी करेंगे महतारी वंदन की 32वीं किस्त

सेवा सेतु में विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण, हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ; स्टेडियम में विभागीय प्रदर्शनी भी

दुर्ग से महिलाओं को 632 करोड़ की सौगात, सीएम साय आज जारी करेंगे महतारी वंदन की 32वीं किस्त

दुर्ग। दुर्ग जिला मुख्यालय का रविशंकर स्टेडियम गुरुवार को सेवा सेतु कार्यक्रम का केंद्र रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय यहां शासन की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता और सामग्री वितरित करेंगे। कार्यक्रम के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को उनसे जोड़ने पर भी जोर रहेगा।

मुख्यमंत्री जिले के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। संबंधित विभागों को इन कार्यों से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

महतारी वंदन योजना कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। मुख्यमंत्री दुर्ग से ही प्रदेशभर की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 32वीं किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजेंगे। विभागीय जानकारी के अनुसार 67 लाख 38 हजार से अधिक महिलाओं को कुल करीब 632.40 करोड़ रुपए मिलेंगे। योजना के तहत पात्र महिला हितग्राहियों को हर महीने 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है।

एक जगह मिलेगी कई योजनाओं की जानकारी

सेवा सेतु कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नागरिक सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागों को आवश्यक दस्तावेज और सूची तैयार रखने को कहा गया है।

कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बैठक व्यवस्था और अन्य इंतजाम भी किए गए हैं। स्टेडियम में मानव निर्मित रंगोली तैयार की गई है, जबकि बैडमिंटन कोर्ट में भी रंगोली का प्रदर्शन होगा।

अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बुधवार को रविशंकर स्टेडियम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच, बैठक व्यवस्था, विभागीय स्टॉल, हितग्राहियों के लिए वितरण व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

दोपहर 12:10 बजे स्टेडियम पहुंचेंगे

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को करीब 12:05 बजे प्रथम बटालियन भिलाई के हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से रविशंकर स्टेडियम के लिए रवाना होंगे और करीब 12:10 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक सेवा सेतु कार्यक्रम में शामिल रहेंगे। इसके बाद प्रथम बटालियन भिलाई हेलीपैड पहुंचकर करीब 2:40 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे।