बातचीत बंद की तो भड़का युवक, महिला पर बैटरी का पानी फेंका
मंदिर में जल चढ़ाने जा रही थी महिला; दोनों पहले एक ही कंपनी में करते थे काम, नाराजगी में हमला करने का आरोप, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
दुर्ग-भिलाई। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में मंदिर में जल चढ़ाने जा रही करीब 35 वर्षीय महिला पर हमले का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक महिला का परिचित है और दोनों करीब छह महीने पहले एक ही कंपनी में काम करते थे। किसी विवाद के बाद महिला ने उससे बातचीत बंद कर दी थी, जिससे युवक नाराज था। आरोप है कि इसी नाराजगी में उसने महिला पर बैटरी का पानी फेंक दिया। घटना में दो बच्चों के भी इसकी चपेट में आने की जानकारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
दुर्ग से धमधा जा रही थी महिला
पुलिस के मुताबिक महिला दुर्ग से धमधा की ओर मंदिर में जल चढ़ाने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे रास्ते में रोककर उस पर बैटरी का पानी फेंक दिया। घटना के बाद महिला को चोटें आईं। साथ मौजूद दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए, जिनका निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
छह महीने पहले एक साथ करते थे काम
जांच में सामने आया है कि महिला और आरोपी पहले से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। करीब छह महीने पहले दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी दौरान उनके बीच परिचय हुआ था। बाद में किसी बात को लेकर विवाद हो गया और महिला ने आरोपी से दूरी बना ली।
बातचीत बंद होने से नाराज था आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला द्वारा बातचीत बंद किए जाने से आरोपी नाराज था। पुलिस को आशंका है कि इसी नाराजगी के चलते उसने महिला पर हमला किया। हालांकि, दोनों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हमले की पूरी योजना कैसे बनी, इसकी जांच की जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
एएसपी मणि शंकर चंद्र के अनुसार आरोपी ने महिला पर बैटरी का पानी फेंका था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने हमला पहले से योजना बनाकर किया या अचानक गुस्से में आकर घटना को अंजाम दिया।
हमले में इस्तेमाल पदार्थ की भी जांच
पुलिस आरोपी से यह भी पूछताछ कर रही है कि बैटरी का पानी उसने कहां से लिया और घटना के पीछे पूरा विवाद क्या था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले की वास्तविक वजह और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
suntimes 