महतारी वंदन की 26वीं किश्त जारी, लाखों महिलाओं के खातों में पहुंची खुशियों की राशि
641.62 करोड़ रुपये ट्रांसफर, 68.48 लाख महिलाओं को मिला सीधा लाभ
रायपुर। राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना के तहत 26वीं किश्त की राशि बुधवार को जारी कर दी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने 68 लाख 48 हजार 899 हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए।
किश्त जारी होते ही लाभार्थी महिलाओं के मोबाइल फोन पर मैसेज की घंटियां बज उठीं और चेहरे खुशी से खिल उठे। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र महिला को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जिससे उनके दैनिक जीवन में आर्थिक संबल मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि इस योजना की शुरुआत मार्च 2024 में केंद्र सरकार की गारंटी को पूरा करने और महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से की गई थी। योजना के प्रारंभ से अब तक हितग्राही महिलाओं को कुल 16,881 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, योजना के कुल हितग्राहियों की संख्या 68 लाख 94 हजार 633 है, जिनमें से केवाईसी लंबित प्रकरणों को छोड़कर 68 लाख 48 हजार 899 महिलाओं को इस किश्त का लाभ दिया गया है। इनमें नियद नेल्ला नार योजना क्षेत्र की 7,773 महिलाएं भी शामिल हैं।
इस बीच सरकार द्वारा हितग्राहियों के ई-केवाईसी अद्यतन की प्रक्रिया को भी तेज किया गया है। यह अभियान 3 अप्रैल से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत भवनों तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में वीएलई के माध्यम से केवाईसी का कार्य किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ऐसी सभी महिलाओं से अपील की है, जिनका ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुआ है, वे शीघ्र इसे पूर्ण कराएं, ताकि योजना की राशि बिना किसी बाधा के उनके खातों में नियमित रूप से पहुंचती रहे।
suntimes 