महाशिवरात्रि की बारात में खून: पुरानी रंजिश में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या

शांति नगर शिव मंदिर के सामने वारदात, पेट-सिर-पीठ पर ताबड़तोड़ वार


मोहन्नगर क्षेत्र में तनाव, 4–5 संदिग्ध हिरासत में; CCTV खंगाल रही पुलिस

दुर्ग। महाशिवरात्रि की धार्मिक आस्था के बीच निकली भोले बाबा की बारात सोमवार रात खूनी वारदात में बदल गई। Durg जिले के मोहननगर थाना क्षेत्र स्थित शांति नगर शिव मंदिर के सामने पुरानी रंजिश को लेकर 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

पुलिस के अनुसार मृतक नानू उर्फ छय (17) शांति नगर का निवासी था और शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था। महाशिवरात्रि पर दो दिन से चल रही भगवान की बारात में वह शामिल होकर नृत्य कर रहा था। इसी दौरान 16 फरवरी की शाम कुछ युवक वहां पहुंचे और कहासुनी शुरू हो गई।

चंद मिनटों में बढ़ा विवाद, ताबड़तोड़ चाकू से हमला

देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले बैठा। आरोपियों ने चाकू निकालकर नानू पर पेट, सिर और पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में वार किए। गंभीर रूप से घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

एक माह पहले भी हुआ था झगड़ा

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि करीब एक महीने पहले नानू का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उसी पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

4–5 संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही मोहननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर के मुताबिक मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। 4 से 5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस वारदात ने शहर को झकझोर दिया है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर नजर बनाए रखी है।