रायपुर निगम के इंजीनियरिंग अमले में बदलाव, 11 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
जोन-5 से 10 तक कई अधिकारियों की बदली पोस्टिंग; कुछ को मुख्यालय की शाखाओं का प्रभार, आदेश तत्काल प्रभाव से लागू
रायपुर। निगम प्रशासन ने अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव करते हुए अलग-अलग जोनों और मुख्यालय की शाखाओं में नई तैनाती की है। फेरबदल के तहत कार्यपालन अभियंता पदमाकर श्रीवास को मुख्यालय से जोन-5 भेजा गया है। जोन-5 के कार्यपालन अभियंता लाल महेन्द्र प्रताप सिंह अब जोन-6 का काम देखेंगे।
कार्यपालन अभियंता दिनेश कुमार सिन्हा को जोन-6 से जोन-10 स्थानांतरित किया गया है। वहीं जोन-10 के कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर को मुख्यालय की उद्यान शाखा में पदस्थ किया गया है।
सहायक अभियंता शत्रुघन देशलहरे की पदस्थापना जोन-7 से जोन-8 की गई है। दीपक देवांगन को जोन-4 से प्रभारी कार्यपालन अभियंता बनाया गया है। उनके जिम्मे मुख्यालय की योजना शाखा के साथ 15वें वित्त आयोग और लोक कर्म विभाग से जुड़े कार्य रहेंगे।
सहायक अभियंता संदीप तिवारी को मुख्यालय से जोन-4 भेजा गया है। वहीं संस्कार शर्मा को महापौर कार्यालय के अलावा 15वें वित्त आयोग और उद्यान शाखा का दायित्व सौंपा गया है।
इसी तरह उप अभियंता वसीम खान को प्रभारी सहायक अभियंता बनाकर स्वच्छ भारत मिशन का काम दिया गया है। वे अब जोन-10 से इस नई जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। उप अभियंता अर्जिता दीवान को प्रभारी सहायक अभियंता के रूप में जोन-7 में तैनात किया गया है।
जोन-8 के उप अभियंता योगेन्द्र साहू को मुख्यालय बुलाकर योजना शाखा, 15वें वित्त आयोग और लोक कर्म विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पदस्थापना में यह बदलाव प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार किया गया है और आदेश के तत्काल प्रभाव से सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालनी होंगी।
suntimes 