रिसाली में प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला, महादेव ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे समेत तीन पर हत्या के प्रयास का केस

पुरानी रंजिश में बेसबॉल बैट, चाकू और कटर से किए कई वार, गंभीर घायल युवक आईसीयू में भर्ती; आरोपी प्रखर चंद्राकर का नाम पहले भी मारपीट और ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मामलों में आ चुका है।

रिसाली में प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला, महादेव ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे समेत तीन पर हत्या के प्रयास का केस

दुर्ग-भिलाई के रिसाली क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर पर देर रात हुए जानलेवा हमले ने सनसनी फैला दी। पुलिस ने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर सहित तीन युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पहले बेसबॉल बैट से हमला कर युवक को गिराया और फिर चाकू, कटर व डंडों से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

रिसाली में प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी फरार

दुर्ग-भिलाई। रिसाली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक प्रॉपर्टी डीलर पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान योगेश सूर्यवंशी (32) के रूप में हुई है, जिसका अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है। भिलाई नगर पुलिस ने मामले में प्रखर चंद्राकर, हरीश यादव और अमन मूर्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे की है। योगेश सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में ईंधन भरवाकर रिसाली लौट रहे थे। डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से बाइक पर पहुंचे तीन युवकों ने उनके सिर पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। किसी तरह उन्होंने बाइक संभाली, लेकिन आरोपियों ने पीछा जारी रखा और बाइक के पहिए में डंडा फंसाकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया।

इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर धारदार हथियारों और डंडों से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, हरीश यादव ने गले के पास वार किया, जबकि अमन मूर्ति ने चाकू से हमला किया। वहीं प्रखर चंद्राकर ने कटर और बटनदार चाकू से दोनों पैरों पर लगातार 8 से 10 वार किए। गंभीर रूप से घायल योगेश सड़क पर गिर पड़े। आसपास लोगों की भीड़ जुटते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर आईसीयू में इलाज जारी है।

पुरानी रंजिश बताई हमले की वजह

घायल योगेश सूर्यवंशी ने पुलिस को दिए बयान में पुरानी रंजिश को हमले का कारण बताया है। उनकी शिकायत पर पहले नेवई थाने में जीरो पर एफआईआर दर्ज की गई, जिसके बाद प्रकरण भिलाई नगर थाना स्थानांतरित किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पहले भी विवादों में रहा है प्रखर चंद्राकर

प्रखर चंद्राकर का नाम इससे पहले भी कई मारपीट के मामलों में सामने आ चुका है। करीब नौ माह पहले रायपुर के एक क्लब में युवक के साथ मारपीट के मामले में उसका नाम सुर्खियों में आया था। इसके अलावा भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवकों के साथ मारपीट के मामले में भी उसे गिरफ्तार किया गया था।

ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिंक भी आए थे सामने

पूर्व में हुई गिरफ्तारी के दौरान पुलिस जांच में प्रखर चंद्राकर के कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले थे। जांच एजेंसियों को उसके मोबाइल से संदिग्ध एप्लिकेशन, लेनदेन और कथित आर्थिक ट्रांजैक्शन से जुड़े साक्ष्य मिले थे। पुलिस के अनुसार, जांच में लाखों रुपये के लेनदेन और म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल के सुराग भी सामने आए थे। हालांकि इन मामलों की जांच और कानूनी प्रक्रिया अलग-अलग स्तर पर जारी है।