छत्तीसगढ़ में महंगी होगी बिजली, अगले वीक से हर यूनिट पर 25 पैसे तक बढ़ेगा बोझ, घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर

छत्तीसगढ़ में महंगी होगी बिजली, अगले वीक से हर यूनिट पर 25 पैसे तक बढ़ेगा बोझ, घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ेगा असर

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) द्वारा पेश किए गए 7000 करोड़ रुपए के घाटे की भरपाई के लिए विद्युत नियामक आयोग अगले सप्ताह नई दरों की घोषणा कर सकता है।

प्रदेश के 60 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी की शुरुआत से पहले बड़ा झटका लगने जा रहा है। प्रदेश में नए वित्तीय वर्ष के साथ ही बिजली की दरों (टैरिफ) में बदलाव लगभग तय है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) द्वारा पेश किए गए 7000 करोड़ रुपए के घाटे की भरपाई के लिए विद्युत नियामक आयोग अगले सप्ताह नई दरों की घोषणा कर सकता है।

 

सूत्रों के अनुसार, आयोग घरेलू समेत सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 20 से 25 पैसे तक की बढ़ोतरी कर सकता है। सीएसपीडीसीएल ने घाटे की भरपाई के लिए दरों में 24 प्रतिशत की भारी वृद्धि का प्रस्ताव दिया था, लेकिन जनसुनवाई और समीक्षा के बाद आयोग इसे 5 से 6 प्रतिशत तक सीमित रख सकता है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी औसत 13 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी।

 

उच्च और निम्न दाब के लिए अलग-अलग रणनीति

इस बार नियामक आयोग की रणनीति उच्च दाब और निम्न दाब कनेक्शनों के लिए अलग-अलग हो सकती है। औद्योगिक और उच्च दाब वाले उपभोक्ताओं पर बोझ कम रखने का प्रयास है, जबकि निम्न दाब (घरेलू और छोटे व्यवसायिक) उपभोक्ताओं के टैरिफ में थोड़ी अधिक वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।

 

गत वर्ष 13 पैसे बढ़ा था रेट

गत वर्ष भी छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) ने नियामक आयोग को करीब 4550 करोड़ के नुकसान दिखाया था, जिसके कारण 1.80 फीसदी (औसत 13 पैसे) प्रति यूनिट बिजली दरें बढ़ाई गई थी। वहीं, जून वर्ष 2024 में भी बिजली नियामक आयोग ने 20 पैसे बिजली दर बढ़ाई थी।

यूनिट- वर्तमान टैरिफ दरें

0-100- 4.10 रुपए प्रति यूनिट

101-200- 4.20 रुपए प्रति यूनिट

201-400- 5.60 रुपए प्रति यूनिट

401-600- 6.60 रुपए प्रति यूनिट

601 से ज्यादा- 8.30 रुपए प्रति यूनिट

प्रदेशभर के कुल उपभोक्ता

घरेलू उपभोक्ता- 48 लाख

उच्च दाब- 4151

गैर घरेलू (कमर्शियल)- करीब 5 लाख सभी श्रेणी

कृषि पम्प उपभोक्ता- करीब 8 लाख

 

वर्जन

 

सीएसपीडीसीएल ने 7000 रुपए करोड़ का नुकसान दिखाया है। जनसुनवाई पूरी हो चुकी है और अब हम बिजली कंपनी के प्रस्ताव व उपभोक्ताओं के हितों का विश्लेषण कर रहे हैं। टैरिफ दरों पर अगले सप्ताह तक अंतिम फैसला ले लिया जाएगा।

 

-सूर्य प्रकाश शुक्ला, सचिव, विद्युत नियामक आयोग