भिलाई BJP पार्षद पर ठेकेदार से अवैध वसूली का आरोप......हर महीने 10000 और शराब की मांग....

(A). सूर्या मॉल भिलाई में पार्किंग के ठेकेदार ने क्षेत्र के पार्षद पर अवैध वसूली और शराब की मांग करने का आरोप लगाया है। ठेकेदार अंशु प्रसाद ने बताया कि वह खुद भाजपा के पदाधिकारी हैं। भाजपा शासन आने के बाद उसने मॉल के स्टैंड का ठेका लिया। उसके बाद से भाजपा पार्षद मुकेश अग्रवाल उससे लगातार पैसे और दारू की मांग कर रहा है। नहीं देने पर स्टैंड नहीं चलाने दे रहा है।
मुकेश अग्रवाल, पार्षद, वार्ड दो जोन 1, भिलाई नगर निगम
मॉल के ठेकेदार अंशु प्रसाद शनिवार दोपहर स्मृति नगर चौकी शिकायत करने गया था। उसने वहां बताया कि वार्ड 2 के पार्षद मुकेश अग्रवाल ने उनसे हर महीने 10 हजार रुपए और शराब की बोतल देने की मांग की। जब उसने पैसे दे पाने में असमर्थता जताई तो वो आए दिन परेशान करके उसको स्टैंड संचालित नहीं करने दे रहा है। अंशु प्रसाद ने कहा कि वो खुद भाजपा से है और भाजपा का पार्षद उससे ही अवैध वसूली कर रहा है। इसलिए उसने पहले मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन परेशान करने पर वैशाली नगर विधायक और अन्य भाजपा नेताओं से इसकी शिकायत की। इसके बाद पार्षद के खिलाफ शिकायत करने स्मृति नगर चौकी आया है।
जब इस बारे पार्षद मुकेश अग्रवाल से बात की गई तो उन्होंने सारे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि ठेकेदार इस बात को प्रूफ करे कि उसने पैसे मांगे हैं। वो मॉल के सामने सर्विस रोड पर पार्किंग करवाकर पैसा वसूल रहा है, जबकि यह आम रास्ता है। सूर्य विहार कॉलोनी के लोग भी कई बार शिकायत कर चुके हैं। उसका उसने वीडियो बनाया है। निगम में भी इसकी शिकायत की है। वह तब तक इसके खिलाफ लड़ेगा, जब तक पार्किंग सही तरीके से नहीं चलेगी।