मुंबई इंडियंस ने धमाकेदार जीत के साथ लगाई रिकॉर्ड की झड़ी, बैक-टू-बैक तोड़ डाले इतने सारे रिकॉर्ड

मुंबई इंडियंस ने धमाकेदार जीत के साथ लगाई रिकॉर्ड की झड़ी, बैक-टू-बैक तोड़ डाले इतने सारे रिकॉर्ड

केकेआर के खिलाफ जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है। अब किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्‍यादा मैच जीतने वाली टीम बन गई है। उसने केकेआर को 36 में से 25 बार हराया है।

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया है। मुंबई की धमाकेदार जीत के नायक रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन रहे। वानखेड़े के मैदान पर मुंबई ने आईपीएल में अपना सबसे बड़ा रन चेज सफलतापूर्वक हासिल किया है। इसके साथ ही एमआई ने एक ऐसा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है, जो आज तक कोई टीम नहीं हासिल कर सकी है।

आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्‍यादा जीत

25 - मुंबई इंडियंस बनाम केकेआर (36 मैच)*

21 - सीएसके बनाम आरसीबी (35 मैच)

21 - केकेआर बनाम पंजाब किंग्‍स (35 मैच)

21 - मुंबई इंडियंस बनाम सीएसके (39 मैच)

21 - मुंबई इंडियंस बनाम डीसी (37 मैच)

MI vs KKR मैच में ये रिकॉर्ड भी बने

अपना पांच साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

केकेआर से मिले 221 रनों के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया। मुंबई ने अपना पांच साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। साल 2021 में मुंबई ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 219 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया था। यह आईपीएल इतिहास का छठा सबसे बड़ा रन चेज भी है। मुंबई को रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए मिलकर 11.5 ओवर में 148 रन जोड़े। रोहित-रिकेल्टन के आगे केकेआर के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए।

IPL में सबसे सफल रन-चेज

262 - पंजाब किंग्‍स बनाम केकेआर, कोलकाता, 2024

246 - सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्‍स, हैदराबाद, 2025

228 - आरसीबी बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, लखनऊ, 2025

224 - राजस्‍थान रॉयल्‍स बनाम पंजाब किंग्‍स, शारजाह, 2020

224 - राजस्‍थान रॉयल्‍स बनाम केकेआर, कोलकाता, 2024

221 - मुंबई इंडियंस बनाम केकेआर, वानखेड़े, 2026*

IPL में किसी एक मैदान पर किसी एक विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा जीत

11 - मुंबई इंडियंस बनाम केकेआर, वानखेड़े में (13 मैच)*

9 - केकेआर बनाम पंजाब किंग्‍स, कोलकाता में (14 मैच)

9 - सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्‍स, हैदराबाद में (10 मैच)

IPL में 200+ का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल करने वाली टीमें

8 - पंजाब किंग्‍स

6 - मुंबई इंडियंस

4 - राजस्‍थान रॉयल्‍स

4 - सनराइजर्स हैदराबाद

4 - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

2012 के बाद जीता सीजन का पहला मैच

2012 के बाद से IPL सीज़न के शुरुआती मैच में मुंबई इंडियंस की यह पहली जीत है, जो लगातार 13 मैच हारने के बाद मिली है।

एक नजर मैच पर

रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 205 के स्ट्राइक रेट से 38 गेंदों में 78 रनों की दमदार पारी खेली। रोहित ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए। वहीं, रिकेल्टन भी शानदार लय में दिखाई दिए, और उन्होंने 43 गेंदों में 188 के स्ट्राइक रेट से 43 गेंदों में 81 रन बनाए। रिकेल्टन ने 4 चौके और 8 छक्के लगाए। तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या 11 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 220 रन लगाए। टीम की तरफ से कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, फिन एलन ने महज 17 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। अंगकृष रघुवंशी ने 175 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 29 गेंदों में 51 रन बनाए। वहीं, अंत के ओवरों में रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए। मुंबई ने 13 साल बाद आईपीएल सीजन का आगाज जीत के साथ किया है।