अपना बैंक खाता दिया, बदले में लिया कमीशन; साइबर ठगी की रकम घुमाने वाले 6 खाताधारक पकड़े गए

एजेंटों के माध्यम से साइबर ठगों तक पहुंचाते थे खाते और सिम; दुर्ग के चार थानों की पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई

अपना बैंक खाता दिया, बदले में लिया कमीशन; साइबर ठगी की रकम घुमाने वाले 6 खाताधारक पकड़े गए

दुर्ग-भिलाई। कुछ हजार रुपए के कमीशन के लिए बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराना छह लोगों को भारी पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने ऐसे छह खाताधारकों को गिरफ्तार किया है, जिनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम जमा करने और आगे ट्रांसफर करने में किया जा रहा था। आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपए लेकर खाते से जुड़े एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड तक दूसरे लोगों को सौंप देते थे।

सुपेला, पद्मनाभपुर और मोहन नगर थाने की पुलिस टीमों ने एसीसीयू के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। कार्रवाई के दौरान कई बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए।

ठगी की रकम के लिए बनते थे 'माध्यम'

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी सीधे साइबर ठगों के संपर्क में नहीं थे, बल्कि एजेंटों के जरिए अपने या अन्य लोगों के बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। खाते सौंपने के बाद उनसे जुड़े एटीएम और अन्य बैंकिंग दस्तावेज भी दे दिए जाते थे। इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम जमा की जाती और फिर अलग-अलग खातों में भेज दी जाती थी।

17 नवंबर को चार मामलों में कार्रवाई

पुलिस ने 17 नवंबर को दर्ज चार अलग-अलग मामलों की जांच के दौरान इन छह खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की। सुपेला थाने के दो मामलों में तीन आरोपी, पद्मनाभपुर के एक मामले में दो आरोपी और मोहन नगर के एक मामले में एक आरोपी शामिल है।

सुपेला से तीन, पद्मनाभपुर से दो और मोहन नगर से एक

सुपेला पुलिस ने आशीष कुमार साहू (38), निवासी इस्पात नगर रिसाली, नीतेश मसीह (36), निवासी पदुमनगर चरोदा और धरम राज तिवारी (51), निवासी मॉडल टाउन सुपेला को गिरफ्तार किया। पद्मनाभपुर पुलिस ने अमित मिश्रा (32), निवासी जवाहर नगर और गिरजा सिन्हा (23), निवासी शक्ति नगर को पकड़ा। मोहन नगर पुलिस ने रविन्द्र कुमार दिवान (42), निवासी ग्राम कादुल, जिला बालोद के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस ने लोगों से की अपील

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने लोगों से कहा है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। साइबर अपराधियों को खाता उपलब्ध कराने पर खाताधारक भी अपराध की जांच और कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।