दुर्घटना कॉल पर लापरवाही भारी: डायल 112 का आरक्षक निलंबित
सिटी सेंटर मॉल के पास सड़क हादसे की सूचना पर देर से पहुंचा पुलिसकर्मी, DCP ने कर्तव्य में लापरवाही मानते हुए की कार्रवाई
रायपुर।राजधानी में आपातकालीन पुलिस सेवा की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस प्रशासन ने डायल 112 में तैनात एक आरक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही और अमर्यादित आचरण के आरोप में आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (DCP) उमेश प्रसाद गुप्ता ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान आरक्षक को रक्षित केंद्र (लाइन) रायपुर से संबद्ध किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना डायल 112 को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया, लेकिन गंभीर आपातकालीन स्थिति होने के बावजूद वह घटनास्थल पर निर्धारित समय से काफी देर बाद पहुंचा।
प्राथमिक जांच में आरक्षक की कार्यशैली को आपातकालीन सेवा की जिम्मेदारियों के विपरीत माना गया। इसके आधार पर पुलिस प्रशासन ने इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा में तैनात प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से त्वरित एवं जिम्मेदाराना प्रतिक्रिया की अपेक्षा की जाती है। किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ड्यूटी में कोताही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
suntimes 