नकटी गांव कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, विधायक का पुतला फूंका'

विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे को लेकर उठाए सवाल, शासन के खिलाफ की नारेबाजी

*नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित परिवारों के समर्थन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुपेला चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुनर्वास और मुआवजे को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की।*

 

भिलाई। नकटी गांव में प्रशासन द्वारा की गई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में युवा कांग्रेस के सदस्यों ने सुपेला चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने घरसीवा विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की मांग उठाई। युवा कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कार्रवाई से प्रभावित लोगों को उचित राहत और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई।

युवा कांग्रेस वैशालीनगर विधानसभा अध्यक्ष अमन साव ने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों को पर्याप्त मुआवजा और व्यवस्थित पुनर्वास का आश्वासन नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई के चलते कई गरीब परिवारों के आशियाने प्रभावित हुए हैं।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रभावित परिवारों के लिए उचित पुनर्वास नीति लागू की जाए और उन्हें आवश्यक सुविधाओं के साथ वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।