रसोइयों को सिखाए आग से बचाव के गुर, फायर एवं एसडीआरएफ टीम ने दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में 500 से अधिक महिला रसोइयों ने लिया हिस्सा, गैस सिलेंडर आगजनी से बचाव के बताए उपाय
दुर्ग।प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग तथा एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम द्वारा आगजनी से बचाव एवं आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय स्थित जे.आर.डी. टैगोर हॉल में किया गया, जहां जिलेभर से पहुंची 500 से अधिक महिला रसोइयों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षा विभाग द्वारा योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं। वहीं बढ़ती आगजनी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए फायर एवं एसडीआरएफ टीम ने रसोइयों को रसोईघर में बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।
टीम के सदस्यों ने बताया कि गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी स्थिति में घबराने के बजाय किस प्रकार सतर्कता और समझदारी से आग पर काबू पाया जा सकता है। इस दौरान अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी देने के साथ घरेलू उपायों के माध्यम से आग बुझाने के तरीके भी समझाए गए।
प्रशिक्षण शिविर में सहायक फायर प्रभारी प्रवीण बारा, संतोष पाण्डेय, एसडीआरएफ प्रभारी राजू महानंद, आशीष एवं उनकी टीम द्वारा फायर फाइटिंग का प्रैक्टिकल प्रदर्शन भी किया गया। उपस्थित महिलाओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे दैनिक जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
suntimes 