रिटेंशन की मांग पर सेवानिवृत्त कर्मियों की हुंकार, बाजारों में फूल बरसाकर स्वागत

बीएसपी रिटायर्ड कर्मचारियों की बाइक रैली से गूंजा टाउनशिप, ‘भिलाई को हमने बसाया, हम ही बचाएंगे’ का संकल्प

सिविक सेंटर में एकजुटता के आह्वान के साथ हुआ समापन

भिलाई। रिटेंशन के मुद्दे को लेकर Bhilai Steel Plant के सेवानिवृत्त कर्मियों ने सोमवार को शहर में जनजागरण रैली निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। बाइक रैली के रूप में निकली इस पहल को टाउनशिप के विभिन्न बाजारों में व्यापारियों का व्यापक समर्थन मिला। जगह-जगह फूल बरसाकर रैली का स्वागत किया गया और एकजुटता का संदेश दिया गया।

कार्मिक कल्याण संघ के अध्यक्ष सुरेश चंद के नेतृत्व में दोपहर 3.30 बजे सेक्टर-10 मार्केट दुर्गा मैदान से रैली की शुरुआत हुई। रैली सेक्टर 10 ए-बी मार्केट, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर 8, सेक्टर 7, एमजीएम स्कूल रोड, सेक्टर 6 ए मार्केट सहित विभिन्न बाजार क्षेत्रों से होकर गुजरी।

व्यापारी संघ के संरक्षक रामकृष्ण मुंदड़ा और ज्ञानचंद बाकलीवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर समर्थन जताया। इसके बाद रैली सेक्टर 6 से होते हुए सेक्टर 2 और सेक्टर 1 मार्केट पहुंची, जहां श्रीनिवास खेड़िया और प्रदीप बाकलीवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्वागत किया।

मंडेला चौक से सिविक सेंटर तक गूंजे नारे

रैली मंडेला चौक से गुजरते हुए सेक्टर 4 मार्केट पहुंची। यहां अध्यक्ष सतीश बंछोर और करमजीत गगन के नेतृत्व में व्यापारियों ने समर्थन दिया। सेक्टर 5 और न्यू सिविक सेंटर होते हुए होटल हरिराज के पास रैली का समापन हुआ।

62 से 80 वर्ष आयु वर्ग के सेवानिवृत्त कर्मियों ने दो घंटे तक बाइक रैली के माध्यम से शहरवासियों को जागरूक किया। “भिलाई को हमने बसाया है, भिलाई को हम बचाएंगे” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

जनसमर्थन से बढ़ा हौसला

रैली को सफल बनाने में मोहम्मद रफी, सुमन कन्नौजे, स्टील सिटी चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, रामकुमार गुप्ता और सुरेश रतनानी ने विशेष भूमिका निभाई। आयोजन के अंत में संस्था के अध्यक्ष सुरेश चंद और ज्ञानचंद जैन ने जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में ब्रह्मदेव पटेल, अशोक मिश्रा, भवानी शंकर शर्मा, रजनीकांत, राधाकांत सहित अनेक श्रमिक नेता और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।