शिवमहापुराण कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधि, 7 महिलाओं पर पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

जयंती स्टेडियम में पूछताछ के बाद थाने लाई गईं महिलाएं; अपराध की पुष्टि नहीं, सुरक्षा के मद्देनजर BNSS की धारा 170 के तहत कार्रवाई

शिवमहापुराण कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधि, 7 महिलाओं पर पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

भिलाई। जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर में चल रही शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रही सात महिलाओं को चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर सुरक्षा और शांति व्यवस्था के मद्देनजर सभी को थाना भिलाई नगर लाया गया। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है।

भिलाई के जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक आयोजित शिवमहापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कथा स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है।

17 अगस्त को कथा पंडाल में महिलाओं के एक समूह की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें चिन्हित किया। टीम ने सातों महिलाओं से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस उन्हें थाना भिलाई नगर लेकर गई। वहां आवश्यक पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी के खिलाफ BNSS की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

अपराध नहीं, एहतियातन कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई को किसी अपराध में गिरफ्तारी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। फिलहाल महिलाओं के खिलाफ किसी आपराधिक घटना में आरोपी के तौर पर मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस ने बताया कि कथा स्थल पर संभावित संदिग्ध गतिविधियों को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम उठाया गया।

ये महिलाएं की गईं चिन्हित

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22) और गीता देवी (37), सभी निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्यप्रदेश तथा संगीता (25) और नैना (20), निवासी ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तरप्रदेश के खिलाफ की गई।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की सामग्री जब्त नहीं की गई है।

भीड़ में सतर्क रहने की अपील

दुर्ग पुलिस ने शिवमहापुराण कथा में पहुंच रहे श्रद्धालुओं से भीड़भाड़ के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर नहीं आने तथा मोबाइल, नकदी और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखने कहा है। साथ ही बच्चों पर विशेष नजर रखने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

पुलिस का कहना है कि धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।