सस्ते सोने का लालच देकर ठगी, दुर्ग पुलिस ने यूपी से आरोपी दबोचा

सोने का बिस्किट दिलाने के नाम पर लोगों से ऐंठते थे रकम; मोबाइल लोकेशन के आधार पर गाजियाबाद पहुंची रानीतराई पुलिस, साथी की तलाश जारी

सस्ते सोने का लालच देकर ठगी, दुर्ग पुलिस ने यूपी से आरोपी दबोचा

दुर्ग-भिलाई। सस्ता सोने का बिस्किट दिलाने का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठने वाले गिरोह के एक आरोपी को रानीतराई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विश्वजीत मौर्य (29) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह अपने साथी राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों को आसानी से और कम कीमत में सोना उपलब्ध कराने का लालच देता था। विश्वास में लेने के बाद आरोपियों द्वारा उनसे रकम ले ली जाती थी।

मामले का खुलासा ग्राम रेंगाकठोरा निवासी समीर साहू की शिकायत के बाद हुआ। समीर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की थी। शिकायत रानीतराई थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में ठगी की पुष्टि होने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मोबाइल नंबर से मिला अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने शिकायत से जुड़े मोबाइल नंबरों और तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया। इसी दौरान संदिग्ध की लोकेशन दूसरे राज्य में होने की जानकारी मिली। इसके बाद रानीतराई पुलिस की टीम आवश्यक अनुमति लेकर उत्तर प्रदेश रवाना हुई। तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने विश्वजीत मौर्य को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों को सोने का बिस्किट दिलाने का झांसा देने और रकम लेने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

कितने लोगों से ठगी, जांच जारी

पुलिस अब आरोपी से जुड़े लेन-देन और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया और उनसे कितनी रकम वसूली। साथ ही राहुल कुमार सहित गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ठगी का यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और इसके तार किन-किन क्षेत्रों तक फैले हैं।