JCCJ छोडेंगे विधायक प्रमोद शर्मा:बोले-विधानसभा सत्र के बाद इस्तीफा दे दूंगा, भाजपा में शामिल हो सकते हैं

JCCJ छोडेंगे विधायक प्रमोद शर्मा:बोले-विधानसभा सत्र के बाद इस्तीफा दे दूंगा, भाजपा में शामिल हो सकते हैं

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस(JCCJ) के विधायक प्रमोद शर्मा अब पार्टी छोडने वाले हैं। वो भाजपा में शामिल हो सकते हैं। शुक्रवार को मीडिया से चर्चा के दौरान जनता कांग्रेस छोडने की बात खुद विधायक शर्मा ने कही। प्रमोद शर्मा कहते दिखे -अब जनता कांग्रेस पार्टी छोड़ने का मन है, विधानसभा का सत्र समाप्‍त होते ही पार्टी से इस्‍तीफा दें दूंगा। किस पार्टी में जाएंगे, पूछे जाने पर कह- देखते हैं, हालांकि चर्चा है कि भाजपा की ओर शर्मा का झुकाव है।

प्रमोद कुमार शर्मा बलौदाबाजार सीट से विधायक हैं। 2018 में उन्‍होंने पूर्व मुख्‍यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्‍तीसगढ़ (जेसीसीजे) से चुनाव लड़ा था। विधानसभा में कुछ अफसरों से शर्मा ने इस्तीफे के नियमों को लेकर चर्चा की। काफी देर तक दिमाग लगाने के बाद उन्होंने इस्तीफे की बात साफ कह दी।

अमित जोगी से तू-तड़ाक, विरोध तक
जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष इस वक्त प्रदेश के पहले CM के बेटे अमित जोगी हैं। अमित के साथ प्रमोद शर्मा की लड़ाई 10 महीने पहले खुलकर सामने आई। तब पार्टी विरोधी होने की बात कहकर जनता कांग्रेस के एक और विधायक धर्मजीत सिंह को निकाल दिया गया था। उस दौरान प्रमोद शर्मा ने कहा- पार्टी मुझे भी निकालना चाहती है तो निकाल दे। मैं पूरी तरीके से धर्मजीत सिंह के साथ में हूं। अमित जोगी जी जो बाथरूम में बैठकर इस प्रकार का फैसला ले रहे हैं, वह नाजायज है। गलत है।

भाजपा में विलय का कर चुके थे प्रयास
जिस वक्त धर्मजीत सिंह को पार्टी से निकाला गया, तब ये बात भी सामने आई कि प्रमोद शर्मा और धर्मजीत सिंह मिलकर पार्टी का भाजपा के साथ विलय की कोशिश में थे। इसको रोकने के लिए पार्टी ने यह कदम उठाया कि धर्मजीत को पार्टी से निकाला। फिलहाल घोषित रूप से धर्मजीत सिंह पर एससी, एसटी, ओबीसी समुदाय की अनदेखी और पार्टी के मूल सिद्धांतों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया है।

बगावत से शुरू हुई जनता कांग्रेस चढ़ी बगावत की भेंट
कांग्रेस ने जनवरी 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी को पार्टी से 6 साल के लिए निकाल दिया। वहीं अजीत जोगी के भी निष्कासन की सिफारिश AICC को भेजी गई। नाराज अजीत जोगी ने यहीं से अपना रास्ता अलग कर लिया। 23 जून 2016 को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-JCCJ नाम से एक नई पार्टी बना ली। 2018 के विधानसभा चुनाव में JCCJ ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया।

इस गठबंधन ने 7 सीटें जीतीं, जिसमें से पांच अकेले जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के पास थी। कई सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। मई 2020 में अजीत जोगी का निधन हो गया। उसके बाद खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह ने वापस कांग्रेस में लौटने की कोशिश की, लेकिन धर्मजीत सिंह को नहीं साध पाए। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का भी निधन हो गया। इसके बाद पार्टी में केवल तीन विधायक रह गए, जो थे धर्मजीत सिंह, प्रमोद शर्मा और रेणू जोगी। अब जो हालात हैं जनता कांग्रेस एक मात्र विधायक ही इस पार्टी में बचेंगी।