महंगाई और ईंधन संकट पर कांग्रेस का हमला, केंद्र सरकार पर जनता को राहत न देने का आरोप

दुर्ग के राजीव भवन में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता पेट्रोल-डीजल, गैस और खाद संकट को लेकर सरकार को घेरा प्रमोद दुबे बोले- सलाह नहीं, समाधान चाहती है जनता किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की परेशानी का मुद्दा उठाया

दुर्ग स्थित राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस संकट को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई और जरूरी वस्तुओं की कमी से जूझ रही जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला प्रभारी प्रमोद दुबे ने कहा कि सरकार समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय लोगों को कम उपयोग की सलाह देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा

पत्रकार वार्ता में रायपुर के पूर्व महापौर और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे समेत दुर्ग जिले के तीनों जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि पिछले दो महीनों से देश और प्रदेश के लोग पेट्रोल, डीजल और गैस संकट से परेशान हैं, लेकिन सरकार हालात सुधारने के बजाय आम जनता पर ही बोझ डाल रही है।

सलाह नहीं, राहत चाहिए’

प्रमोद दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लोगों को पेट्रोल-डीजल कम उपयोग करने, वर्क फ्रॉम होम अपनाने और गैस व खाद्य तेल की खपत घटाने जैसी सलाह देना जनता की समस्याओं का समाधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान आम लोगों की तकलीफों को कम करने के बजाय उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

उन्होंने कहा कि मजदूर, फेरी लगाने वाले, छोटे दुकानदार और दिहाड़ी कामगार घर बैठकर रोजगार नहीं चला सकते। ऐसे लोगों के लिए वर्क फ्रॉम होम जैसी बातें व्यवहारिक नहीं हैं।

किसानों की समस्या भी उठाई

कांग्रेस नेताओं ने किसानों के लिए खाद संकट को गंभीर बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में करीब 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन समितियों तक पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं पहुंच रही है। इससे खेती प्रभावित हो रही है और किसानों की लागत लगातार बढ़ती जा रही है।

पेट्रोल-डीजल पर टैक्स का मुद्दा

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स लगाकर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। नेताओं ने कहा कि सरगुजा समेत कई इलाकों में पेट्रोल और डीजल की कमी के कारण लोगों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। वहीं कमर्शियल गैस की कमी का असर उद्योगों और छोटे कारोबारों पर भी पड़ रहा है।

सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए’

प्रमोद दुबे ने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही ईंधन और भंडारण को लेकर सरकार को चेतावनी दे चुके थे, लेकिन केंद्र सरकार ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सरकार जल्द प्रभावी नीति बनाकर जनता को राहत दे और महंगाई पर नियंत्रण करे।