रायपुर में महिला का बैग लेकर रेपिडो चालक फरार

घर पहुंचते ही स्कूटी से सामान उतारने लगी महिला, चालक बिना किराया लिए भागा; बैग में दो मोबाइल समेत करीब 40 हजार रुपए का सामान

रायपुर में महिला का बैग लेकर रेपिडो चालक फरार

रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन बाइक बुक कर घर लौट रही महिला उस समय हैरान रह गई, जब उसे घर के बाहर छोड़ने के बाद रेपिडो चालक उसका बैग लेकर फरार हो गया। बैग में दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान रखा था। महिला के शोर मचाने और चालक को रोकने की कोशिश के बावजूद वह तेज रफ्तार से निकल गया। पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

फल खरीदने के बाद बैग चालक के पैरों के पास रखा

पुलिस के मुताबिक भीमनगर स्थित श्रीजन विला निवासी महिला रविवार शाम करीब 4:15 बजे सिंचाई कॉलोनी, सिविल लाइन से रेपिडो बाइक बुक कर घर लौट रही थी। कुछ देर बाद नीले रंग की स्कूटी लेकर चालक पहुंचा। उसने नीले रंग का रेनकोट पहन रखा था।

महिला पहले शास्त्री चौक और फिर आमापारा चौक पहुंची। यहां उसने फल खरीदे और उन्हें बैग में रख लिया। बैग भारी होने के कारण उसने उसे स्कूटी पर चालक के पैरों के पास रख दिया। इसी बैग में महिला के दो मोबाइल फोन भी रखे हुए थे।

घर के बाहर पहुंचते ही चालक ने दौड़ाई स्कूटी

महिला चालक के साथ वंदना ऑटो होते हुए भीमनगर पहुंची। घर के बाहर स्कूटी रुकने के बाद महिला जैसे ही अपना सामान उतारने लगी, चालक अचानक बिना किराया लिए स्कूटी तेज गति से दौड़ाकर वहां से निकल गया।

महिला ने आवाज देकर चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। रास्ते में जाम लगने के कारण चालक कुछ देर के लिए दोबारा दिखाई दिया। महिला को देखते ही उसने स्कूटी दूसरी गली में मोड़ दी और वहां से फरार हो गया।

दूसरे के मोबाइल से बेटे को दी सूचना

चालक के भाग जाने के बाद महिला ने आसपास के लोगों से मदद मांगी और किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से अपने बेटे को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामले की शिकायत पुरानी बस्ती थाने में की गई।

दो मोबाइल समेत सामान गायब

महिला के मुताबिक बैग में ओप्पो रेनो 16सी मोबाइल था, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा रेडमी 13सी मोबाइल भी बैग में था, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए है। पुलिस ने सामान की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई है।

पुलिस अब रेपिडो चालक की पहचान के लिए वाहन की जानकारी, संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। अज्ञात चालक की तलाश जारी है।