कोलंबो टेस्ट में टीम इंडिया के रिकॉर्ड पर नजरें
गिल 7 रन बनाते ही 3000 टेस्ट रन पूरे करेंगे, 3 छक्के लगाकर 50 सिक्स का आंकड़ा छू सकते हैं; सारांश जैन के डेब्यू की संभावना
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार से कोलंबो में शुरू होगा। गॉल में 165 रन से मिली शानदार जीत के बाद भारतीय टीम 1-0 की बढ़त के साथ सीरीज अपने नाम करने उतरेगी। मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के पास व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल करने का मौका है, जबकि तीसरे स्पिनर के रूप में सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू कराया जा सकता है।
कोलंबो (ए)। गॉल टेस्ट में दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम की नजरें अब सीरीज में क्लीन स्वीप पर हैं। वहीं श्रीलंकाई टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर सीरीज बराबर करने की कोशिश करेगी। मुकाबला सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब की पिच पर खेला जाएगा, जहां शुरुआती दौर में बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है।
गिल के पास दो बड़े आंकड़े छूने का मौका
शुभमन गिल इस टेस्ट में 7 रन बनाते ही 3,000 टेस्ट रन पूरे कर लेंगे। उनके खाते में फिलहाल 2,993 रन हैं। इसके अलावा वह तीन छक्के लगाकर टेस्ट क्रिकेट में 50 सिक्स पूरे कर सकते हैं। गिल के नाम अब तक 47 छक्के हैं।
यशस्वी जायसवाल से भी बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में शतक लगाने के बाद उनकी पिछली आठ पारियों में केवल एक अर्धशतक आया है।
सारांश को मिल सकता है मौका
तीसरे स्पिनर के चयन को लेकर टीम प्रबंधन के सामने कुलदीप यादव और सारांश जैन में से फैसला करने की चुनौती है। गॉल टेस्ट में कुलदीप ने दोनों पारियों में 25 ओवर गेंदबाजी की थी और उन्हें केवल एक विकेट मिला। दूसरी ओर, सारांश ने कोलंबो में नेट्स पर गेंदबाजी करते हुए गिल और ऋषभ पंत को अभ्यास कराया।
स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतेले ने कुलदीप का समर्थन करते हुए कहा है कि किसी खिलाड़ी का मूल्यांकन केवल एक मैच के प्रदर्शन से नहीं किया जाना चाहिए। अंतिम फैसला पिच और टीम संयोजन के आधार पर होगा।
सुथार-जडेजा पर भी जिम्मेदारी
गॉल टेस्ट में मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में चार और दूसरी पारी में छह विकेट चटकाए थे। कोलंबो की पिच मैच बढ़ने के साथ स्पिनरों के लिए मददगार हो सकती है। ऐसे में सुथार और रवींद्र जडेजा की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
जडेजा के पास भी दो उपलब्धियां दर्ज करने का अवसर है। वह एक चौका लगाते ही टेस्ट में 400 चौके पूरे कर लेंगे। उनके नाम अभी 399 चौके हैं। वहीं एक कैच लेते ही वह 50 टेस्ट कैच के आंकड़े तक पहुंच जाएंगे।
पिच पर पहले बल्लेबाजी फायदेमंद
सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब की पिच पर शुरुआत में गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आने की उम्मीद है। पहली पारी में बड़ा स्कोर बन सकता है। मैच आगे बढ़ने पर पिच सूखने के साथ स्पिनरों को टर्न और उछाल मिलने की संभावना है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी का फैसला कर सकती है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।
श्रीलंका: लाहिरू उदारा, निशान फर्नांडो, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), सोनल दिनूषा, केशरा नुवानथा, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा।
suntimes 