दूसरी बार लीग राउंड में ढही ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे को मिला फायदा
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया लीग चरण से ही बाहर हो गई, जबकि जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में प्रवेश कर इतिहास रच दिया। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द होने से अंक बंट गए, जिसका सीधा फायदा जिम्बाब्वे को मिला।
कैंडी (ए)। ICC Men's T20 World Cup में इस बार रोमांच अपने चरम पर है। मंगलवार को जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला मुकाबला लगातार बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस तक नहीं हो सका। मैच रद्द होने से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला, जिससे जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस नतीजे के साथ ही 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर हो गई। ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रदर्शन इस बार निराशाजनक रहा। एक दिन पहले उसे श्रीलंका के हाथों 8 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी, जबकि 13 फरवरी को जिम्बाब्वे ने 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
कंगारुओं को अब 20 फरवरी को ओमान के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलना है, लेकिन इस मुकाबले का नतीजा उनके भाग्य को नहीं बदल सकेगा। कप्तान मिचेल मार्श की अगुवाई वाली टीम अंक तालिका में पिछड़ गई है और अब आगे बढ़ने की गणित उनके पक्ष में नहीं है।
ऑस्ट्रेलिया के लिए यह दूसरा मौका है जब टीम लीग चरण से ही बाहर हो गई। इससे पहले 2009 में Ricky Ponting की कप्तानी में भी टीम ग्रुप स्टेज पार नहीं कर सकी थी।
जिम्बाब्वे के लिए यह उपलब्धि ऐतिहासिक मानी जा रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। टूर्नामेंट का यह चरण दर्शाता है कि टी-20 प्रारूप में कोई भी टीम किसी को भी मात दे सकती है।
suntimes 