भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, अमित मालवीय की IT सेल से छुट्टी
नितिन नवीन ने अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद घोषित की 65 सदस्यीय कार्यकारिणी; राम माधव और स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी, बीएल संतोष अपने पद पर कायम
नई दिल्ली (ए)। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। 65 सदस्यों वाली कार्यकारिणी में कई अहम बदलाव किए गए हैं। पार्टी ने राम माधव और स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर वापसी कराई है। वहीं, IT सेल के प्रभारी अमित मालवीय को पद से हटाकर दीपक म्हस्के को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष अपने पद पर बने रहेंगे।
13 उपाध्यक्ष और 8 महासचिव को जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 16 सचिव और 28 अन्य सदस्य शामिल हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को एक बार फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। राम माधव भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में संगठन में लौटे हैं, जबकि स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के संभालेंगे IT सेल
नई टीम में सबसे अहम बदलावों में भाजपा IT सेल का नेतृत्व भी शामिल है। लंबे समय से IT सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को इस पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह दीपक म्हस्के को IT सेल का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियान में IT सेल की भूमिका को देखते हुए इस बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बीएल संतोष संगठन महामंत्री बने रहेंगे
भाजपा ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की जिम्मेदारी में कोई बदलाव नहीं किया है। वे संगठन महामंत्री के पद पर बने रहेंगे। वहीं, पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर अनुभवी नेताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है।
नई टीम में 12 महिलाओं को जगह
नितिन नवीन की राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश से दो मुस्लिम नेताओं को भी जगह
भाजपा की नई टीम में उत्तर प्रदेश से दो मुस्लिम चेहरों तारिक मंसूर और बासित अली को भी शामिल किया गया है। महिलाओं में उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा तीन प्रतिनिधित्व मिले हैं। महाराष्ट्र से दो महिलाओं को जगह दी गई है, जबकि अन्य राज्यों से एक-एक महिला को जिम्मेदारी मिली है।
45 साल की उम्र में बने थे सबसे युवा अध्यक्ष
नितिन नवीन ने करीब 209 दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला था। उन्होंने जेपी नड्डा के बाद पार्टी की कमान संभाली थी। उनका चयन निर्विरोध हुआ था। 45 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।
नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के जरिए पार्टी ने संगठन में अनुभव, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, महिला भागीदारी और नए चेहरों को शामिल करने पर जोर दिया है। आने वाले समय में नई टीम की जिम्मेदारियों और संगठनात्मक फैसलों पर इसका असर दिखाई देगा।
suntimes 