भिलाई कॉलेज में देशभक्ति के रंग में मना स्वतंत्रता दिवस

ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम; ‘हरित सृजन वाटिका’ का शुभारंभ कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश

भिलाई कॉलेज में देशभक्ति के रंग में मना स्वतंत्रता दिवस

जामुल, भिलाई। भिलाई कॉलेज ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, जामुल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय समिति के संचालक आर.के. शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. उपमा शुक्ला ने मां सरस्वती, महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर की। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रगान तथा वंदे मातरम के साथ तिरंगे को सलामी दी।

विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति की प्रस्तुतियां

समारोह में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम में डॉ. उपमा शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र के विकास की शुरुआत व्यक्ति के चरित्र और ईमानदारी से होती है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों के प्रति ईमानदार रहे तो देश की प्रगति स्वतः मजबूत होगी।

सोच और कल्पना से राष्ट्र निर्माण में योगदान

महाविद्यालय समिति के संचालक आर.के. शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देशवासियों को अपनी बात रखने, सोचने और अपनी कल्पनाओं को साकार करने की स्वतंत्रता प्राप्त है। युवाओं को अपनी सकारात्मक सोच और रचनात्मक क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

हरित सृजन वाटिका’ की शुरुआत

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के इको क्लब के अंतर्गत ‘हरित सृजन वाटिका’ का भी उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें स्वच्छता, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और सतत विकास के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

महाविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापिका भावना शर्मा ने किया। अंत में डॉ. अंजू त्रिपाठी ने अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में महाविद्यालय के समस्त सहायक प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।